Tiger Shroff Durand Cup मैच में नहीं खेलेंगे, काम की प्रतिबद्धता बनी वजह

Tiger Shroff Durand Cup मैच में नहीं खेलेंगे, काम की प्रतिबद्धता बनी वजह
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ काम से जुड़ी प्रतिबद्धता के कारण शिलांग में नोंगकेश एसएस एवं सीसी के खिलाफ होने वाले डूरंड कप मुकाबले में मुंबई एफसी के लिए नहीं खेल पाएंगे। मुंबई एफसी की टीम शुरुआती दोनों ग्रुप मैचों में लैंग्सनिंग और शिलांग लाजोंग से 5-0 के समान अंतर से हारकर टूर्नामेंट से पहले ही बाहर हो चुकी है। इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में टाइगर ने अपनी अनुपस्थिति पर खेद जताते हुए अपनी टीम को शुभकामनाएं दीं।

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ मंगलवार को शिलांग में मेघालय की टीम नोंगकेश एसएस एवं सीसी के खिलाफ डूरंड कप के ग्रुप मुकाबले में मुंबई एफसी की ओर से नहीं खेलेंगे। उन्होंने कहा कि अंतिम समय में काम से जुड़ी प्रतिबद्धता को कारण वह शिलांग नहीं जा पायेंगे। टाइगर को डूरंड कप के लिए मुंबई एफसी की टीम में शामिल किया गया था।

वह हालांकि ग्रुप ई के शुरुआती दोनों मुकाबलों में मैदान पर नहीं उतरे। मुंबई एफसी को दोनों मैचों में करारी हार का सामना करना पड़ा। टीम को मेघालय की ही एक अन्य टीम लैंग्सनिंग ने 5-0 से हराया, जबकि शिलांग लाजोंग के खिलाफ भी उसे इसी अंतर से शिकस्त मिली।

इन दो हार के बाद मुंबई एफसी टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है। क्लब के इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर साझा किए गए एक वीडियो में टाइगर ने कहा, “यह वास्तव में बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है, लेकिन अंतिम समय में काम से जुड़ी एक प्रतिबद्धता सामने आ गई है। इसलिए मैं डूरंड कप के लिए शिलांग नहीं आ पाऊंगा।” उन्होंने कहा, “मैं अपनी टीम मुंबई एफसी के लिए खेलने को लेकर वास्तव में काफी उत्साहित था, लेकिन दुर्भाग्य से ऐसा नहीं हो पाएगा।

वहां मौजूद सभी लोगों को मेरी शुभकामनाएं। टूर्नामेंट शानदार रहा है। मुंबई एफसी को मेरी ओर से बहुत-बहुत शुभकामनाएं।

लड़कों, अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करो।” टाइगर ने 2024 में मुंबई एफसी के लिए पदार्पण किया था। वर्ष 2024 में स्थापित मुंबई एफसी मुंबई प्रीमियर लीग और आई-लीग 3 में खेलती है, जो देश के घरेलू फुटबॉल ढांचे की चौथी श्रेणी है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़