World Champion D Gukesh की दमदार वापसी, Poland में Fabiano Caruana को हराकर टॉप-4 में बनाई जगह

विश्व चैंपियन डी गुकेश ने वारसॉ में सुपर रैपिड और ब्लिट्ज शतरंज टूर्नामेंट में फैबियानो कारुआना को हराकर संयुक्त चौथा स्थान हासिल किया। इस प्रदर्शन से फॉर्म में वापसी का संकेत देते हुए गुकेश ने रैपिड वर्ग का समापन किया, जिसमें अमेरिकी खिलाड़ी हैंस नीमन विजेता बने।
विश्व चैंपियन डी गुकेश ने सुपर रैपिड और ब्लिट्ज टूर्नामेंट के रैपिड वर्ग के नौवें और अंतिम दौर में अमेरिकी ग्रैंडमास्टर फैबियानो कारुआना को हराकर संयुक्त चौथा स्थान हासिल किया। पिछले कुछ महीनों से अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाने वाले गुकेश ने इस तरह से फॉर्म में वापसी की। रैपिड वर्ग के बाद अब ब्लिट्ज वर्ग में 18 दौर की बाजियां खेली जानी बाकी हैं। रैपिड के अंतिम दिन 19 वर्षीय गुकेश ने फ्रांसीसी ग्रैंडमास्टर मैक्सिम वाचियर-लाग्रेव के खिलाफ हार के साथ शुरुआत की और फिर आठवें दौर में स्लोवेनिया के व्लादिमीर फेडोसेव के साथ ड्रॉ खेला। अमेरिकी खिलाड़ी हैंस मोके नीमन ने 13 अंकों के साथ इस वर्ग का विजेता बनकर इतिहास रचा।
नीमन ने अपने हमवतन वेस्ली सो को पूरे एक अंक से पीछे छोड़ा। फेडोसेव 11 अंक लेकर तीसरे स्थान पर रहे। गुकेश ने कहा, ‘‘रैपिड वर्ग में मेरा प्रदर्शन उतार चढ़ाव वाला रहा। मैंने अच्छा खेल दिखाया लेकिन मैं कुछ मौके चूक गया। कुछ मैच ऐसे भी थे जिनमें मैं मुश्किल में था और किसी तरह खुद को बचा पाया। मेरा प्रदर्शन और बेहतर हो सकता था।’’ गुकेश, कारुआना और पोलैंड के डुडा जान-क्रजिस्ट्जोफ नौ-नौ अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहे।
अन्य न्यूज़















