World Chess Championship में D Gukesh और सिंदारोव की तीसरी बाजी 60 चालों में ड्रॉ

जिनेवा में आयोजित विश्व शतरंज चैंपियनशिप के तीसरे मुकाबले में भारतीय ग्रैंडमास्टर डी गुकेश ने काले मोहरों से खेलते हुए उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव को ड्रॉ पर रोक दिया। इस परिणाम के बाद दोनों खिलाड़ियों का स्कोर 1.5-1.5 की बराबरी पर पहुंच गया है। शुक्रवार को विश्राम रहेगा और चौथी बाजी में भारतीय खिलाड़ी सफेद मोहरों से खेलेंगे।
मौजूदा विश्व चैंपियन भारत के डी गुकेश ने बर्लिन डिफेंस पर अपनी मजबूत पकड़ का शानदार नमूना पेश करते हुए उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव को बृहस्पतिवार को यहां विश्व शतरंज चैंपियनशिप की तीसरी बाजी में काले मोहरों से खेलते हुए आसानी से ड्रॉ पर रोक दिया। इस बाजी के बाद दोनों खिलाड़ियों के खाते में 1.5-1.5 अंक हैं। शुक्रवार को विश्राम का दिन रहेगा।
गुकेश शुरुआती चालों से ही पूरी तैयारी के साथ उतरे थे और उन्होंने सिंदारोव की बढ़त हासिल करने की कोशिशों का आत्मविश्वास के साथ सामना किया। कंप्यूटर विश्लेषण में कुछ समय के लिए सफेद मोहरों की स्थिति बेहतर दिखाई देने के बावजूद भारतीय खिलाड़ी अपनी स्थिति मजबूत बनाए रखने में सफल रहे। इस ड्रॉ का एक और फायदा गुकेश को मिला है।
चौथी बाजी में उनके पास सफेद मोहरे होंगे। तीसरी बाजी में सिंदारोव के लिए स्थिति आसान नहीं रही। उन्हें ओपनिंग के एक कठिन और आक्रामक रूप का सामना करना पड़ा।
उज्बेक खिलाड़ी इस तैयारी से चौंक गए और शुरुआती चालों को समझने में उन्हें काफी समय खर्च करना पड़ा। एक समय तो वह समय के मामले में भी पिछड़ गए। आमतौर पर काले मोहरों से खेलते समय गुकेश को इस तरह की स्थिति का सामना करना पड़ता है।
दूसरी ओर, गुकेश पूरे मुकाबले में काफी सहज नजर आए। उन्होंने शुरुआती चालों में कोई कमजोरी नहीं दिखाई और सिंदारोव की बढ़त हासिल करने की कोशिशों को आसानी से नाकाम किया। दोनों खिलाड़ी लगातार बेहतर स्थिति बनाने के प्रयास करते रहे, लेकिन कोई भी निर्णायक बढ़त हासिल नहीं कर सका।
नियमों के मुताबिक दोनों खिलाड़ियों के बीच आपसी सहमति से ड्रॉ का प्रस्ताव 40 चाल से पहले स्वीकार नहीं किया जा सकता था। इसलिए उन्हें समय नियंत्रण पूरा होने तक अनिवार्य चालें चलनी पड़ीं जिसके बाद अतिरिक्त समय मिलने का प्रावधान लागू हुआ। हालांकि मुकाबले में कुछ रोमांचक क्षण भी आए।
सिंदारोव ने एक समय अपने राजा की तरफ के प्यादे को आक्रामक तरीके से आगे बढ़ाकर मुकाबले की दिशा बदलने की कोशिश की। लेकिन गुकेश ने अपनी स्थिति पर पूरा नियंत्रण बनाए रखा और इस संभावित खतरे को खारिज कर दिया। इससे संकेत मिला कि भारतीय खिलाड़ी ड्रॉ के संभावित परिणाम से संतुष्ट थे।
अंतिम चरण में सिंदारोव पर समय का भारी दबाव आ गया। अतिरिक्त 30 मिनट मिलने से पहले उन्हें अंतिम दो मिनट में चार चाल चलनी थीं। उज्बेक खिलाड़ी ने समय रहते अपनी चालें पूरी कर लीं और आखिरकार 60 चाल के बाद दोनों खिलाड़ियों ने ड्रॉ पर सहमति जता दी।
इस 14 बाजियों की विश्व चैंपियनशिप में अब 11 बाजियां बाकी हैं। तीसरी बाजी के प्रदर्शन से संकेत मिलता है कि गुकेश की तैयारी में अभी कई नई रणनीतियां मौजूद हैं, जबकि सिंदारोव को अपनी मैच संबंधी तैयारी पर कुछ सवालों के जवाब तलाशने होंगे। इस मुकाबले में सबसे पहले 7.5 अंक हासिल करने वाला खिलाड़ी विश्व चैंपियन बनेगा।
यदि 14 बाजियों के बाद स्कोर बराबर रहता है तो विजेता का फैसला करने के लिए छोटे प्रारूप में टाईब्रेकर मुकाबले खेले जाएंगे। समय नियंत्रण के तहत शुरुआती 40 चालों के लिए प्रत्येक खिलाड़ी को 120 मिनट मिलेंगे। इसके बाद 41वीं चाल से 30 मिनट अतिरिक्त दिए जाएंगे और प्रत्येक चाल के बाद 30 सेकंड का समय भी जोड़ा जाएगा।
आपसी सहमति से 40 चाल पूरी होने से पहले ड्रॉ स्वीकार नहीं किया जा सकता। हालांकि तीन बार एक जैसी स्थिति बनने या स्टेलमेट होने पर बाजी पहले भी समाप्त हो सकती है। इस मुकाबले की कुल पुरस्कार राशि 25 लाख डॉलर है।
प्रत्येक जीत पर दो लाख डॉलर मिलेंगे जबकि शेष पुरस्कार राशि दोनों खिलाड़ियों के बीच बराबर बांटी जाएगी। टाईब्रेकर की स्थिति में विजेता को 13 लाख डॉलर और उपविजेता को 12 लाख डॉलर मिलेंगे।
अन्य न्यूज़














