World Chess Championship: D Gukesh की चालों से हैरान हुए सिंदारोव, बोले- भारतीय खिलाड़ी की तैयारी थी बेहतर

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

जिनेवा में 27 नवंबर को विश्व शतरंज चैंपियनशिप की तीसरी बाजी 1.5-1.5 की बराबरी पर समाप्त हुई। मैच के बाद उज़्बेकिस्तान के चैलेंजर जावोखिर सिंदारोव ने कहा कि काले मोहरों से खेल रहे डी गुकेश की शुरुआती तैयारी उनके मुकाबले काफी बेहतर थी। अब शुक्रवार को विश्राम रहेगा और चौथा मुकाबला शनिवार को खेला जाएगा।

उज़्बेकिस्तान के चैलेंजर जावोखिर सिंदारोव ने स्वीकार किया कि विश्व शतरंज चैंपियनशिप की तीसरी बाजी के लिए मौजूदा चैंपियन डी गुकेश ने उनसे बेहतर तैयारी की थी क्योंकि भारतीय खिलाड़ी उन पर दबाव बनाने में सफल रहा। लगातार तीन ड्रॉ के बाद स्कोर 1.5-1.5 से बराबर है। सिंदारोव ने कहा कि तीसरे मैच में काले मोहरों से खेल रहे गुकेश ने शुरुआती चालों से उन्हें चौंका दिया था।

सिंदारोव ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘आज मेरा प्रतिद्वंदी वाकई अच्छी तैयारी के साथ आया था। उसकी चालों से मैं हैरान रह गया। मुझे लगा कि मेरी स्थिति बहुत अच्छी है, लेकिन मेरा प्रतिद्वंदी वाकई अच्छी तैयारी के साथ आया था।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं सफेद मोहरों से खेल रहा था, इसलिए मैं बस कुछ मौके बनाने की कोशिश कर रहा था।

एंडगेम में मुझे समझ आने लगा कि स्थिति पूरी तरह बराबरी की है। समय की कमी के कारण मैं संकट में पड़ने वाला था, लेकिन मुझे खुशी है कि मैंने बहुत अच्छी तरह से बचाव किया।’’ मुकाबले में पहली बार गुकेश को अपनी शुरुआती चालें तेजी से चलते हुए देखा गया, जबकि सफेद मोहरों से खेल रहे सिंदारोव ने स्थिति को समझने में काफी समय लगाया। गुकेश ने कहा, ‘‘मुझे पता था कि स्थिति लगभग बराबर है, लेकिन फिर भी काले मोहरों के लिए यह थोड़ी मुश्किल स्थिति थी।

इसलिए मुझे पता था कि खेल में अभी काफी कुछ बचा है। मुझे इस बात का काफी भरोसा था कि मेरे पास काफी समय था और मैं इस स्थिति में अपनी रणनीति के बारे में जानता था।’’ भारतीय खिलाड़ी ने कहा कि वह अपनी स्थिति से सहज थे, लेकिन उन्होंने स्वीकार किया कि सिंदारोव के जवाबी हमले ने कुछ समय के लिए उन्हें असहज कर दिया था। गुकेश ने कहा, ‘‘मेरा बिशप (ऊंट) थोड़ा अलग थलग (ऑफसाइड) था और मेरा रूक (हाथी) ए4 पर था।

सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन अगर किंग साइड पर कोई चाल चली जाती तो मेरे मोहरे उसके लिए पूरी तरह से तैयार नहीं थे। बचाव के और भी विकल्प थे, लेकिन मुझे लगा कि मैंने जो किया वह काफी महत्वपूर्ण था, वरना स्थिति खराब हो सकती थी।’’ इस मुकाबले में शुक्रवार को विश्राम का दिन होगा और चौथा मैच शनिवार को खेला जाएगा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़