World Cup: Czechia के खिलाफ़ South Africa ने ड्रॉ खेला, मोकोएना ने दी लाइफलाइन

football
ANI
अंकित सिंह । Jun 19 2026 4:13PM

वर्ल्ड कप ग्रुप A में दक्षिण अफ्रीका ने चेक गणराज्य के खिलाफ 0-1 से पिछड़ने के बाद टेबोहो मोकोएना के 83वें मिनट के पेनल्टी गोल से 1-1 का रोमांचक ड्रॉ खेला। यह परिणाम दोनों टीमों के लिए टूर्नामेंट में आगे बढ़ने की उम्मीदों को जीवित रखता है, हालांकि मोकोएना अगले मैच के लिए निलंबित रहेंगे।

वर्ल्ड कप में ग्रुप A के मैच में चेकिया के खिलाफ़ शुरुआती बढ़त गंवाने के बाद वापसी करते हुए, साउथ अफ्रीका ने मैच खत्म होने से सात मिनट पहले पेनल्टी से गोल करके मुकाबला 1-1 से ड्रॉ कराया। टेबोहो मोकोएना ने मैच के आखिर में पेनल्टी किक से गोल करके दक्षिण अफ्रीका को नई उम्मीद दी। इससे पहले चेक टीम माइकल सैडिलेक के छठे मिनट में किए गए गोल की बदौलत बढ़त बनाए हुए थी और दक्षिण अफ्रीका टूर्नामेंट से जल्दी बाहर होने की कगार पर था। पिछले गुरुवार को अपने-अपने शुरुआती मैच हारने के बाद अब दोनों टीमों के पास एक-एक पॉइंट है।

इसे भी पढ़ें: Cristiano Ronaldo रहे फ्लॉप, World Cup के पहले मैच में पुर्तगाल को Congo ने दिया बड़ा झटका

मर्सिडीज-बेंज स्टेडियम में छठे मिनट में मिखाल सादिलेक ने चेक गणराज्य को बढ़त दिलाई। अलेक्जेंडर सोज्का ने सादिलेक को पास दिया और उन्होंने गोलकीपर रोनवेन विलियम्स को चकमा देते हुए गोल दाग दिया। चेक गणराज्य जब जीत की तरफ बढ़ रहा था तब थापेलो मासेको का लंबी दूरी का शॉट पेनल्टी एरिया में चेक प्रतिद्वंद्वी पावेल सुल्क के हाथ को स्पर्श कर गया। मैच से पहले राष्ट्रगान के दौरान आंसू बहाते हुए दिखाई देने वाले मोकोएना ने 83वें मिनट में पेनल्टी स्पॉट पर कदम रखा और चेक गणराज्य के गोलकीपर मातेज कोवर के पास निचले हिस्से में शॉट मारकर गोल कर दिया। दक्षिण अफ्रीका के इस मिडफील्डर ने बाद में कहा कि मैच शुरू होने से पहले वह अपने दिवंगत दादाजी के बारे में सोचकर भावुक हो गए थे। 

मोकोएना ने कहा कि मैं जानता हूं कि वह जहां भी हैं, मुझ पर गर्व कर रहे होंगे। मुझे उस पल उनकी उपस्थिति का अहसास हुआ। मैंने सोचा कि अगर वह यहां होते, तो मुझ पर गर्व करते क्योंकि मुझे पता है कि जब कोई मुझ पर विश्वास नहीं करता था, तब उन्होंने मुझ पर विश्वास किया था। इन दोनों टीमों को अपने शुरुआती मैच में हार का सामना करना पड़ा था और दोनों को पता था कि एक और हार से उनके राउंड ऑफ 32 में पहुंचने की संभावनाओं को गहरा झटका लग सकता है। 

इसे भी पढ़ें: US स्टार Pulisic की वापसी तय! Australia मैच से पहले Adams ने किया फिटनेस पर खुलासा

दक्षिण अफ्रीका के कोच ह्यूगो ब्रूस ने कहा कि अगर हम इसी तरह खेलते रहे और आज जैसा प्रदर्शन दोहरा सकें तो मुझे लगता है कि हमारे पास अगले दौर में पहुंचने का मौका है। दक्षिण अफ्रीका का अगला मुकाबला बुधवार को ग्रुप ए में दक्षिण कोरिया से होगा, लेकिन मोकोएना इस मैच में नहीं खेल पाएंगे। टूर्नामेंट में अपना दूसरा पीला कार्ड मिलने कारण उन्हें एक मैच का निलंबन झेलना होगा। चेक गणराज्य अपने पहले मैच में दक्षिण कोरिया से 2-1 से हार गया और अगले राउंड में पहुंचने के लिए उसे बुधवार को अपने अंतिम मैच में मैक्सिको को हराना होगा। 

For more Sports News in Hindi Today please click here. 

All the updates here:

अन्य न्यूज़