Basant Panchami 2025: बसंत पंचमी पर मां सरस्वती को भोग में चढ़ाएं केसर पेड़ा, नोट करें आसान विधि

बसंत पंचमी का त्योहार इस बार 2 फरवरी को मनाया जा रहा है। यदि आप इस बसंत पंचमी मां सरस्वती को प्रसन्न करना चाहते हैं, तो आप भोग में पीली मीठी रेसिपी बनाकर तैयार कर सकते हैं। केसर पेड़ा का भोग बनाना सबसे अच्छा ऑप्शन है। केसर पेड़ा बनाना काफी आसान है। आइए आपको इसकी रेसिपी बताते हैं।
बसंत पंचमी का त्योहार सनातन धर्म में बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। इस साल 2 फरवरी को बसंत पंचमी का त्योहार मनाया जा रहा है। इस दिन से बसंत ऋतु की शुरुआत हो जाती है। यह खास दिन विद्या, ज्ञान औऱ संगीत की देवी मां सरस्वती को समर्पित होता है। इस दिन मां सरस्वती का जन्म हुआ था। इसलिए इस दिन मां सरस्वती प्राकट्योत्सव के रुप में मनाया जाता है। माता सरस्वती को सबसे ज्यादा पीले रंग की चीजें बेहद प्रिय होती हैं। इसलिए आप माता को प्रसन्न करने के लिए पीला भोग बना सकते हैं। बसंत पंचमी के दिन आप मां सरस्वती पूजन के दौरान भोग के लिए आप टेस्टी केसर पेड़ा बना सकते हैं। आइए आपको बताते हैं केसर पेड़ा बनाने की रेसिपी।
केसर पेड़ा बनाने के लिए सामग्री
- 2 कप खोया
- 1/2 कप पिसी हुई चीनी
- 1 चम्मच घी
- 10-12 केसर के धागे
- 2 बड़े चम्मच इलायची पाउडर
- कटे हुए पिस्ता और बादाम सजावट के लिए
केसर पेड़ा बनाने के विधि
केसर पेड़ा बनाने के लिए आप पहले केसर का मिश्रण तैयार कर लें। फिर आप एक छोटी कटोरी में गर्म दूध लेकर उसमें केसर के धागे डालकर 5-10 मिनट के लिए छोड़ दें ताकि दूध में केसर का रंग और स्वाद अच्छे से मिल जाए। इसके बाद मेवा को भूनें। इसके लिए एक नॉन-स्टिक पैन को धीमी आंच पर गर्म करके उसमें घी डालकर मावा हल्का गोल्डन होने तक भूनें। ध्यान रहे कि मावा को जलने न दें इसके लिए लगातार चलाते हुए भूनते रहें।
जब मावा अच्छे से भून जाए, तो उसमें पिसी हुई चीनी और केसर मिला हुआ दूध डालकर अच्छी तरह मिलाते हुए धीमी आंच पर पकने दें। फिर पैन में इलायची पाउडर डालकर अच्छे से मिलाएं, मिश्रण गाढ़ा होने पर गैस बंद कर दें। जब मिश्रण ठंडा हो जाए, तो हाथों में थोड़ा घी लगाकर उसे पेड़े का आकार दें। ऊपर से पिस्ता या बादाम लगाकर पेड़ा हल्का दबा दीजिए। जिससे पेड़े में मेवे चिपक जाएं। यह लीजिए तैयार है माता सरस्वती को भोग लगाने के लिए केसर पेड़ा।
अन्य न्यूज़














