घर के इन स्थानों पर अवश्य जलाएं दीप, मां लक्ष्मी की होगी विशेष कृपा

deep-must-be-burned-in-these-places-at-home
मिताली जैन । Nov 5 2018 4:40PM

दीपोत्सव का त्योहार दीयों की जगमगाहट के बिना पूरा ही नहीं होता। यूं तो लोग अपने घर को रोशन करने के लिए मार्केट में मिलने वाली आर्टिफिशियल लाइटिंग, कंदिल, कैंडल्स आदि का सहारा तो लेते हैं ही, लेकिन दीयों के बिना दीवाली के त्योहार की कल्पना भी नहीं की जा सकती।

दीपोत्सव का त्योहार दीयों की जगमगाहट के बिना पूरा ही नहीं होता। यूं तो लोग अपने घर को रोशन करने के लिए मार्केट में मिलने वाली आर्टिफिशियल लाइटिंग, कंदिल, कैंडल्स आदि का सहारा तो लेते हैं ही, लेकिन दीयों के बिना दीवाली के त्योहार की कल्पना भी नहीं की जा सकती। एक ओर जहां यह घर को खूबसूरत और रोशन करते हैं, वहीं दूसरी ओर दीयों को प्रकाशित करने से मां लक्ष्मी की कृपा भी प्राप्त होती है। कहा जाता है कि जहां पर भी प्रकाश होता है, वहां पर लक्ष्मी निवास करती है। तो चलिए जानते हैं उन खास स्थानों के बारे में−

ऐसे बरसेगी कृपा

मां लक्ष्मी की कृपा का पात्र बनने के लिए सर्वप्रथम एक बड़ा दीया मां लक्ष्मी की प्रतिमा के सामने अवश्य जलाएं। ध्यान रखें कि यह दीया घी का ही हो तथा यह पूरी रात प्रकाशित होता रहे। घर के अन्य स्थानों पर तेल के दीए जलाए जा सकते हैं।

अगर आप चाहते हैं कि आपके घर में लक्ष्मी का वास हो या देवी लक्ष्मी की कृपा आपके घर पर बनी रहे तो घर के मुख्य द्वार के दोनों ओर दीए अवश्य जलाएं। वहीं जो लोग आर्थिक रूप से परेशानी झेल रहे हैं या कर्ज में डूबे हुए हैं तो दीवाली के दिन चौराहे पर एक दिया जलाएं और घर वापिस आ जाएं। लेकिन ध्यान रहे कि चौराहे पर दीपक जलाने के बाद आपको वापिस पीछे मुड़कर नहीं देखना है।

मिलेगा आशीर्वाद

जिस घर में ईश्वर की कृपा के साथ पितरों का भी आशीर्वाद होता है, वहां पर व्यक्ति को किसी प्रकार का दुख नहीं होता। पितरों का आशीर्वाद पाने के लिए घर की दक्षिण दिशा में एक दीपक अवश्य जलाना चाहिए।

अक्सर देखने में आता है कि लोग घर में तो दीपक जलाते हैं लेकिन मंदिर जाना भूल जाते हैं। दीपावली की शाम घर के साथ−साथ मंदिर जाकर वहां पर भी दीए अवश्य जलाने चाहिए। ऐसा करने से घर की दरिद्रता दूर होती है और व्यक्ति को ईश्वर का आशीर्वाद प्राप्त होता है।

रिश्तों में लाएं मधुरता

पति−पत्नी के संबंधों में मधुरता बनाए रखने के लिए बेडरूम में एक दीपक जलाया जा सकता है। अगर आप बेडरूम में दीपक प्रजवल्लित कर रहे हैं, तो उसमें कपूर भी अवश्य मिलाएं। यह संबंधों में नकारात्मकता को दूर करने का काम करता है।

नहीं होगी अन्न की कमी

जो लोग किचन के चूल्हे के दोनों ओर एक−एक दीपक जलाते हैं, उन्हें कभी भी अन्न की कमी नहीं होती। ऐसे लोगों के घर में अन्न के भंडार भरे रहते हैं। इसलिए दो दीपक यहां भी अवश्य जलाएं। 

बचें कुदृष्टि से

अक्सर लोगों के जीवन में उनकी ग्रह−दशाओं का प्रकोप होता है, जिसके कारण उनके बनते काम बिगड़ जाते हैं या फिर वह हमेशा ही चिंतित रहते हैं। मसलन, अगर किसी की राहु की महादशा चल रही हो तो टायॅलेट में एक दीपक जलाएं। इससे राहु का प्रकोप कम होता है।

ठीक इसी तरह, शनि के प्रकोप को कम करने के लिए पीपल के पेड़ के नीचे दीपावली के दिन दीपक अवश्य जलाना चाहिए।

साथ ही घर की सिंक या नाली पर दीपक जलाने के व्यक्ति को अकाल मृत्यु का भय खत्म हो जाता है। 

न भूलें तुलसी

तुलसी को धार्मिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना गया है। जिन घरों में तुलसी का पौधा होता है, वहां पर लोग श्रद्धापूर्वक उसे जल देते हैं व उसकी पूजा करते हैं। दीपावली के दिन भी तुलसी के पौधे के नजदीक एक दीपक अवश्य प्रजवल्लित करना चाहिए। ऐसा करने से न सिर्फ घर में सुख−समृद्धि व शांति आती है, बल्कि भगवान विष्णु की कृपा भी उस घर पर होती है।

मिताली जैन

ज्योतिषाचार्या गुंजन वार्ष्णेय से बातचीत पर आधारित

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़