चाय-कॉफी की जगह इस ठंड पिएं 7 देसी Winter Soup, शरीर को मिलेगी पूरी गर्माहट

7 Desi Winter Soups
AI-Generated

सर्दियों के मौसम में शरीर को गर्माहट देने के लिए घर पर बने पौष्टिक सूप बेहतरीन विकल्प हैं। किचन में मौजूद साधारण सब्जियों और दालों से लौकी, सहजन, रागी, पनीर और कद्दू जैसे सात तरह के स्वादिष्ट देसी सूप आसानी से बनाए जा सकते हैं। बिना महंगे सामान के तैयार होने वाले ये सूप ठंड में सेहत और स्वाद देते हैं।

विंटर सीजन की शुरुआत धीरे-धीरे हो रही है। अब मौसम में काफी बदलाव देखने को मिल रहा है। सर्दियों के समय सुबह या फिर शाम को कुछ गर्मागर्म पीने को मिल जाए, तो मजा आ जाता है। कई लोग इस दौरान चाय और कॉफी पीते हैं, लेकिन इसके अलावा आप सूप भी पी सकते हैं।

सबसे खास बात तो यह है कि सूप बनाने के लिए आपको हर बार बाजार से महंगी चीजें लाने की कोई जरुरत नहीं है। घर की किचन में मिलने वाली सब्जियों और दालों से भी कई तरह के स्वादिष्ट सूप तैयार किया जा सकता है।

7 तरह के देसी सूप

इस बार सर्दियों में 7 तरह के अलग-अलग सूप बनाकर जरुर पिएं। इससे आपके शरीर को भी गर्माहट मिलेगी। आइए आपको इनकी रेसिपी बताते हैं।

सहजन और गाजर का सूप

सबसे पहले आप एक पैन में 1 चम्मच ऑलिव ऑयल डालकर गर्म करें और आधा इंच कटा हुआ अदरक डालकर 20 से 30 सेकेंड के लिए भूनें। इसके बाद आधा कप कटी हुई गाजर डालकर दो मिनट तक चलाएं। अब इसमें आधा कप कटा सहजन और 3 कप पानी डालकर सब्जियों के नरम होने तक पका लें। आखिर में स्वादानुसार नमक और एक चौथाई चम्मच काली मिर्च पाउडर डाल सकती हैं। इसको दो मिनट उबालें और गर्म सर्व करें।

भुने टमाटर और स्प्राउट्स का सूप

इस दौरान आपको हेल्दी सूप मिल जाए तो मजा ही आ जाएगा। इसे बनाने के लिए 3 मीडियम टमाटर और 1 छोटी कटी गाजर को थोड़ा फ्राई कर लें। इसमें अब कुछ तुलसी के पत्ते डाल दें और फिर इसे ठंडा होने दें। अब इसे पीसकर स्मूथ पेस्ट बना लें। इस पेस्ट को पैन में तीन से चार मिनट के लिए पकाएं। 
अब इसमें आधा कप उबले हुए मिक्स स्प्राउट्स, एक चौथाई चम्मच चाट मसाला, काली मिर्च पाउडर, सोंठ पाउडर, नमक और चुटकी भर मीठा डालकर दो मिनट के लिए पका लें और फिर इसे सर्व करें।

लौकी और मूंग दाल का सूप

इसे बनाने के लिए 1 कप कटी लौकी और एक चौथाई कप धुली पीली मूंग दाल को 3 कप पानी के साथ नरम होने तक उबालकर पीस लें। इसके बाद एक पैन में 1 चम्मच मक्खन गर्म करके एक चौथाई चम्मच राई, राई का पाउडर और आधा इंच कद्दूकस कर सकते है और अदरक भून सकते हैं। इसमें पिसा हुआ मिश्रण, जरुरत अनुसार पानी और नमक डालकर दो से तीन मिनट के लिए तक उबाल लें, फिर गैस बंद करके आधे नींबू का रस मिलाएं और गरमागरम पिएं।

नारियल और सब्जियों का सूप

इसके लिए एक पैन में 1 चम्मच ऑलिव ऑयल गर्म करें और आधा इंच कटा हुआ अदरक भून लें। इतना करने के बाद अब इसमें एक चौथाई कप कटी हुई गाजर, फ्रेंच बीन्स और ब्रोकली डालकर कुछ मिनट तक भूनें, फिर आधा कप स्वीट कॉर्न और कटी शिमला मिर्च डालकर और चलाएं। इसके बाद तीन-चौथाई कप नारियल का दूध, नमक और काली मिर्च डालकर पका लें। आखिर में चुटकी भर नींबू का छिलका सानी के जेस्ट और कुछ बसिल लीव्स डालकर सर्व करें।

स्वीट कॉर्न और पनीर सूप

स्वीट कॉर्न और पनीर का सूप का स्वाद बड़ा ही गजब होता है। इसे बनाने के लिए स्वीट कॉर्न में से एक चौथाई कप कॉर्न को थोड़े पानी के साथ पीस लें। अब पैन में 1 चम्मच बटर या ऑलिव ऑयल गर्म करके थोड़ा-सा कटा हुआ अदरक भूनें, फिर एक चौथाई कप कटी हुई गाजर, शिमला मिर्च और पत्तागोभी डालकर चलाएं। फिर कॉर्न का पेस्ट, 3 कप पानी और बाकी बचा आधा कप उबला स्वीट कॉर्न डालकर कुछ मिनट तक पकाएं। फिर नमक, काली मिर्च और आधा कप छोटे कटे पनीर के टुकड़े डालें और गर्मागर्म सर्व करें।

रागी और दही का सूप

इसे बनाने के लिए सबसे पहले 2 बड़े चम्मच रागी को धोकर डेढ़ कप पानी में करीब 10 मिनट के लिए गाढ़ा होने तक उबाल लें। ठंडा होने के बाद, इसमें आधा कप फेंटा हुआ ताजा दही डालकर मिलाकर पीस लें। अब एक पैन में एक चम्मच घी गर्म करके हींग डालें और एक चौथाई कप कटी बीन्स, फूलगोभी, गाजर और मटर को कुछ मिनट तक भून लें। फिर इसमें रागी-दही का मिश्रण, बाकी बचा पानी, नमक और काली मिर्च डालकर लो फ्लेम पर इसको पकाएं, ध्यान रखें कि आंच तेज न हो। अब सर्व करें।

कद्दू का क्रीमी सूप

कद्दू का क्रीमी सूप काफी टेस्टी होता है। इसे बनाने के लिए एक पैन में 1 चम्मच मक्खन या तेल गर्म करके जीरा चटकाएं, फिर कद्दूकस किया अदरक डालकर भून लें। फिर इसमें डेढ़ कप कटा हुआ कद्दू, एक चौथआई कप गाजर, नमक और ढाई से 3 कप पानी डालकर ढक दें और सब्जियों को गलने तक पका लें। ठंडा होने पर इसे क्रीमी सूप बना लें, फिर पैन में डालकर काली मिर्च और एक चौथाई चम्मच ऑरेगैनो दो मिनट तक पकाएं और कद्दू के बीजों को गर्निश कर लें।

All the updates here:

अन्य न्यूज़