अभिनेत्री सुलभा देशपांडे का अंतिम संस्कार हुआ

रंगकर्मी और हिन्दी तथा मराठी फिल्मों की अभिनेत्री सुलभा देशपांडे का अंतिम संस्कार किया गया। लंबी बीमारी के बाद देशपांडे (79) का शनिवार को उनके आवास पर निधन हो गया था।
मुंबई। रंगकर्मी और हिन्दी तथा मराठी फिल्मों की अभिनेत्री सुलभा देशपांडे का अंतिम संस्कार किया गया। लंबी बीमारी के बाद देशपांडे (79) का शनिवार को उनके आवास पर निधन हो गया था। दादर के शिवाजी पार्क शवदाह गृह में अंतिम संस्कार के दौरान फिल्म निर्माता गोविन्द निहलानी, अभिनेता नाना पाटेकर, अभिनेत्री रत्ना पाठक शाह, कांग्रेस और भाजपा नेता सुशील कुमार शिंदे तथा विनोद तावड़े मौजूद थे। विजय तेंदुलकर सहित अन्य लोकप्रिय नाटककारों के साथ अभियन करने वाली सुलभा ने कई मराठी और हिन्दी फिल्मों तथा टीवी सीरियलों में काम किया है।
हिन्दी सिनेमा में उन्होंने ‘‘भूमिका (1977)’’, ‘‘अरविन्द देसाई की अजीब दास्तान (1978)’’, ‘‘गमन (1978)’’ में यादगार भूमिकाएं निभायी। हाल के दिनों में वह गौरी शिन्दे निर्देशित फिल्म ‘इंग्लिश विंग्लिश’ में नजर आयी थीं। वह तेंदुलकर, विजय मेहता और सत्यदेव दुबे के साथ प्रतिष्ठित मराठी थियेटर ग्रुप ‘रंगायन’ से भी जुड़ी रहीं। उन्होंने अपने पति अरविन्द देशपांडे के साथ 1971 में थियेटर ग्रुप ‘अविष्कार’ का गठन किया था। उनके पति का 1987 में देहांत हो चुका है।
अन्य न्यूज़












