'दृश्यम' फिल्म के निर्देशक निशिकांत कामत का निधन, अजय देवगन ने कहा- वह शानदार व्यक्ति थे

Nishikant Kamat

अस्पताल ने बताया, ‘‘पिछले दो साल से वह लिवर सिरोसिस बीमारी का सामना कर रहे थे। शुरुआत में हमने उन्हें एंटीबायोटिक और कुछ अन्य दवाइयां दीं, जिससे उनमें कुछ सुधार हुआ लेकिन बाद में लिवर के निष्क्रिय होने और बेहोशी के बाद उनकी स्थिति बिगड़ती गयी। ’’

हैदराबाद। रहस्य-रोमांच से भरी फिल्म ‘दृश्यम’ का निर्देशन करने वाले फिल्मकार निशिकांत कामत का सोमवार को निधन हो गया। एआईजी अस्पताल ने बताया कि वह पिछले दो साल से लिवर सिरोसिस बीमारी का सामना कर रहे थे। वह 50 साल के थे। कामत के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। उन्हें बुखार और भारी थकान की शिकायत के बाद 31 जुलाई को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल ने बताया, ‘‘पिछले दो साल से वह लिवर सिरोसिस बीमारी का सामना कर रहे थे। शुरुआत में हमने उन्हें एंटीबायोटिक और कुछ अन्य दवाइयां दीं, जिससे उनमें कुछ सुधार हुआ लेकिन बाद में लिवर के निष्क्रिय होने और बेहोशी के बाद उनकी स्थिति बिगड़ती गयी। ’’ 

इसे भी पढ़ें: वरिष्ठ पत्रकार एन जे नायर का निधन, केरल के राज्यपाल और मुख्यमंत्री विजयन ने जताया शोक 

निर्देशक को तुरंत आईसीयू में भर्ती किया गया, जहां उनकी स्थिति धीरे-धीरे खराब होने लगी। श्वसन संबंधी दिक्कतें भी बढ़ गयी और इसके बाद कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया। शाम चार बजकर 24 मिनट पर उन्होंने अंतिम सांस ली। कामत ने ‘फोर्स’ और इरफान खान अभिनीत ‘मदारी’ भी बनायी थी। अभिनेता अजय देवगन ने ट्वीट किया, ‘‘निशिकांत के साथ मेरा जुड़ाव केवल ‘दृश्यम’ तक का ही नहीं था। उनके साथ मेरे अच्छे संबंध थे। वह शानदार व्यक्ति थे, जो हमेशा मुस्कुराते रहते थे। बहुत जल्दी उन्होंने साथ छोड़ दिया। उनकी आत्मा को शांति मिले।’’ 

इसे भी पढ़ें: यूपी के कैबिनेट मंत्री और पूर्व बल्लेबाज़ चेतन चौहान का निधन, कोरोना से थे संक्रमित 

कामत ने 2005 में मराठी फिल्म ‘डोंबिवली फास्ट’ से निर्देशन का सफर शुरू किया था। बॉलीवुड में उन्होंने ‘मुंबई मेरी जान’ से शुरुआत की। इस फिल्म में भी इरफान थे। कामत ने 2016 में ‘रॉकी हैंडसम’ में नकारात्मक भूमिका निभायी थी। इस फिल्म का उन्होंने निर्देशन भी किया था। अजय देवगन और तब्बू अभिनीत ‘दृश्यम’ उनकी सबसे बड़ी हिट फिल्म थी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़