काम और जिंदगी के उलझन में फंसे Govinda, पुराने साथी Anupam Kher ने बढ़ाया हौसला

Anupam Kher
INSTAGRAM
एकता । Sep 24 2026 6:25PM

अभिनेता गोविंदा की निजी जिंदगी को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच वरिष्ठ अभिनेता अनुपम खेर ने उनके हुनर की जमकर तारीफ की है। अनुपम ने गोविंदा को सलाह दी कि उनकी व्यक्तिगत परेशानियां उनके शानदार करियर पर हावी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह मुश्किल दौर जल्द बीतेगा और गोविंदा स्क्रीन पर जल्द वापसी करेंगे।

बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता गोविंदा अपनी निजी जिंदगी को लेकर एक बार फिर चर्चा में हैं। पत्नी सुनीता आहूजा के साथ अनबन की खबरों और को-स्टार कोमल रानी स्वर्णकार के साथ नाम जुड़ने के बीच हाल ही में गोविंदा को कोमल के साथ लालबागचा राजा के दर्शन करते देखा गया था। खास बात यह रही कि उसी दिन गोविंदा की पत्नी सुनीता भी अकेले बप्पा के दर्शन करने पहुंची थीं। अब इस पूरे मामले पर बॉलीवुड के वरिष्ठ अभिनेता अनुपम खेर ने गोविंदा को खास सलाह दी है।

गोविंदा के हुनर की तारीफ

फरीदून शहरयार के साथ एक बातचीत में अनुपम खेर ने गोविंदा की जमकर तारीफ की। अनुपम ने बताया कि वह गोविंदा को बेहद पसंद करते हैं और वह उन बेहतरीन कलाकारों में से एक हैं, जिनके साथ उन्होंने काम किया है। दोनों कलाकारों ने एक साथ करीब 10 से 12 फिल्मों में काम किया है। अनुपम ने कहा, "एक्टिंग, डांस और सीन को अपनी कलाकारी से और बेहतर बनाने के मामले में गोविंदा की बराबरी कोई नहीं कर सकता।"

इसे भी पढ़ें: Maithili Thakur बोलीं- बिहार में सुरक्षित हूं, तो भड़के लेखक Neeraj Pandey ने याद दिला दी जमीनी हकीकत!

निजी जिंदगी को काम पर हावी न होने देने की सलाह

अनुपम खेर ने गोविंदा की प्रतिभा की तारीफ करने के साथ ही उन्हें एक जरूरी सलाह भी दी। अनुपम ने कहा, "गोविंदा की निजी जिंदगी या उनकी कुछ आदतें उनके शानदार काम और पूरी जिंदगी पर भारी नहीं पड़नी चाहिए।" उनका मानना है कि किसी भी इंसान की निजी जिंदगी की परेशानियों का असर उसके करियर और काम पर नहीं पड़ना चाहिए।

इसे भी पढ़ें: Ayushmann Khurrana और Sara Ali Khan की Udta Teer का ट्रेलर देख छूट जाएगी हंसी

मुश्किल समय से निपटने पर क्या बोले अनुपम?

गोविंदा और कोमल रानी स्वर्णकार के रिश्ते की चर्चाओं पर बात करते हुए अनुपम ने साफ किया कि वह किसी पर फैसला सुनाने वाले कोई नहीं होते। अनुपम ने कहा, "गोविंदा अपनी जिंदगी को सबसे बेहतर तरीके से जानते हैं और वही इससे बाहर निकल सकते हैं।"

अनुपम ने बताया कि उन्होंने इस सिलसिले में एक बार गोविंदा को फोन भी मिलाया था। तब गोविंदा ने कहा था कि वह बाद में फोन करेंगे। अनुपम ने आगे कहा, "मैं गोविंदा से सिर्फ इतना कहना चाहता था कि मुश्किल वक्त हमेशा नहीं रहता, वह भी गुजर जाता है।" उन्होंने यह भी जोड़ा कि हर किसी की जिंदगी में उतार-चढ़ाव आते हैं।

अनुपम खेर का मानना है कि ऐसा बिल्कुल नहीं है कि गोविंदा को दुनिया के सामने खुद को संभालना नहीं आता, बल्कि वह अपनी जिंदगी और आसपास की उलझनों में बहुत ज्यादा फंस गए हैं। उन्होंने उम्मीद जताते हुए कहा कि गोविंदा ने अभी हार नहीं मानी है और वह चाहते हैं कि गोविंदा जल्द से जल्द स्क्रीन पर वापसी करें और खूब सारा काम करें।

All the updates here:

अन्य न्यूज़