रणवीर सिंह के घर लड़का आएगा या लड़की? एक्टर ने दिया जवाब

रणवीर सिंह ने अपनी आने वाली फिल्म जयेशभाई जोरदार के बारे में कहा कि यह फिल्म मनोरंजक तरीके से प्रासंगिक मुद्दों पर प्रकाश डालेगी।रणवीर के मुताबिक यह फिल्म एक ऐसे व्यक्ति की कहानी है जो अपनी अजन्मी बच्ची को अपने दबंग पिता से बचाने के लिए संघर्ष करता है। जयेशभाई जोरदार का निर्देशन दिव्यांग ने किया है।
मुंबई।बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह ने मंगलवार को कहा कि उनकी आगामी फिल्म जयेशभाई जोरदार चार्ली चैपलिन की फिल्मों से प्रेरित है और यह मनोरंजक तरीके से प्रासंगिक सामाजिक मुद्दों की ओर ध्यान आकर्षित करेगी। रणवीर के मुताबिक यह फिल्म एक ऐसे व्यक्ति की कहानी है जो अपनी अजन्मी बच्ची को अपने दबंग पिता से बचाने के लिए संघर्ष करता है। जयेशभाई जोरदार का निर्देशन दिव्यांग ने किया है। फिल्म का निर्माण यश राज फिल्म्स और मनीष शर्मा ने किया है। यह फिल्म जयेशभाई नामक गांव के एक ऐसे व्यक्ति की कहानी है, जिस पर लड़का पैदा करने का पारिवारिक दबाव होता है।
इसे भी पढ़ें: 'मैं, आलिया का पति, सभी ब्राइड्समेड्स को वचन देता हूं..' जानिए रणबीर को क्यों लेनी पड़ी शादी से पहले ऐसी शपथ?
रणवीर ने यहां फिल्म के ट्रेलर लांच के अवसर परसंवाददाताओं से कहा, ‘‘चार्ली चैपलिन की फिल्मों में मैंने जो खास बात देखी है वह यह है कि आप अपनी हंसी नहीं रोक सकते, लेकिन उनकी फिल्मों में गंभीर विषयों को भी हास्य विनोद के जरिये प्रस्तुत किया जाता था। चार्ली चैपलिन की फिल्मों में ऐसा होता है।’’ रणवीर ने कहा कि फिल्म का उद्देश्य कन्या भ्रूण हत्या, घरेलू हिंसा और अन्य मुद्दों समेत गंभीर विषयों की ओर समाज और लोगों का ध्यान आकर्षित करना है। लेकिन, फिल्म की कहानी को हास्यप्रद तरीके से प्रस्तुत किया गया है। फिल्म में शालिनी पांडे, बोमन ईरानी और रत्ना पाठक शाह भी अहम भूमिका में नज़र आएंगे। जयेशभाई जोरदार 13 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
अन्य न्यूज़














