Netflix 2022 में मुंबई में अपने पहले पोस्ट-प्रोडक्शन केन्द्र की शुरुआत करेगा

netflix

पोस्ट-प्रोडक्शन केन्द्र में शो संचालक, निर्देशक, संपादक और साउंड डिजाइनर बेहतर तरीके से काम कर सकें, इसको ध्यान में रखते हुए उनके लिए तमाम सुविधाओं से लैस 40 संपादन कक्ष बनाए जाएंगे।

मुंबई। अमेरिकी डिजिटल मीडिया कंपनी नेटफ्लिक्स ने घोषणा की है कि वह 2022 में मुंबई में पूर्ण स्वामित्व वाले अपने पहले पोस्ट-प्रोडक्शन केन्द्र की शुरुआत करेगा। नेटफ्लिक्स ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि जून 2022 तक लाइव एक्शन के अलावा सभी प्रकार की सुविधाओं से लैस पोस्ट-प्रोडक्शन केन्द्र की शुरुआत कर दी जाएगी। पोस्ट-प्रोडक्शन केन्द्र में शो संचालक, निर्देशक, संपादक और साउंड डिजाइनर बेहतर तरीके से काम कर सकें, इसको ध्यान में रखते हुए उनके लिए तमाम सुविधाओं से लैस 40 संपादन कक्ष बनाए जाएंगे।

इसे भी पढ़ें: कोरोना नियमों का उल्लंघन करते हुए घूमने निकले टाइगर श्रॉफ और दिशा पटानी, पुलिस ने दर्ज की FIR

नेटफ्लिक्स इंडिया पोस्ट-प्रोडक्शन के निदेशक विजय वेंकटरमन ने कहा, ‘‘ हम मुंबई में पोस्ट-प्रोडक्शन केन्द्र की योजना को लेकर बेहद उत्साहित हैं। यह कदम भारत के मनोरंजन जगत से जुड़े लोगों को सर्वश्रेष्ठ सुविधाएं मुहैया कराने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।’’ भारत में नेटफ्लिक्स की शुरुआत के बाद से ही इसके कई शो को लेकर लोगों की रूचि और उत्साह लगातार बढ़ता ही जा रहा है। इसके शो भारत की कई भाषाओं में उपलब्ध हैं नेटफ्लिक्स पर प्रसारित होने वाले शो ‘सेक्रेड गेम्स’, ‘दिल्ली क्राइम’, ‘गिल्टी’, ‘लूडो’, ‘बुलबुल’, ‘पगलैट’, ‘लस्ट स्टोरीज़’, ‘चोक्ड’, ‘एके बनाम एके’ और ‘पावा कढ़ाईगल’ दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हुए हैं। गौरतलब है कि नेटफ्लिक्स ने 2019 और 2020 में भारत में तीन हजार करोड़ रुपये निवेश करने की घोषणा की थी। हाल में नेटफ्लिक्स ने 41 भारतीय शो की घोषणा की थी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़