Nitish Bhardwaj Birthday: नितीश भारद्वाज ने महाभारत में श्रीकृष्ण के किरदार को कर दिया था जीवंत, लोग भगवान समझकर करते थे पूजा

Nitish Bhardwaj Birthday
Creative Commons licenses

नितीश भारद्वाज का नाम आते ही लोगों के मन में उनकी भगवान श्रीकृष्ण वाली छवि सामने आ जाती है। बता दें कि आज यानी की 2 जून को नितीश भारद्वाज अपना 60वां जन्मदिन मना रहे हैं।

नितीश भारद्वाज सिने जगत का एक ऐसा नाम हैं, जिनका नाम सुनते ही लोगों के मन में उनकी भगवान श्रीकृष्ण वाली छवि उभर आती है। नितीश भारद्वाज ने आइकॉनिक पौराणिक शो ‘महाभारत’ को अपने अभिनय से ऐसा जीवंत किया कि लोग उनको अपने घरों में पूजने लगे थे। टीवी शो महाभारत से नितीश भारद्वाज को काफी लोकप्रियता मिली। बता दें कि भगवान श्रीकृष्ण के रोल को जीवंत बनाने वाले अभिनेता नितीश भारद्वाज का आज ही के दिन यानी की 2 जून को जन्म हुआ था। न सिर्फ टीवी और फिल्मों बल्कि अभिनेता ने राजनीति में भी लंबी पारी खेली है। आइए जानते हैं उनके जन्मदिन के मौके पर नितीश भारद्वाज के जीवन से जुड़ी कुछ रोचक बातों के बारे में... 

जन्म और परिवार 

महाराष्ट्र के मुंबई शहर में 2 जून 1963 को नितीश भारद्वाज का जन्म हुआ था। नितीश के पिता जनार्दन सी उपाध्याय मुंबई हाई कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता और वयोवृद्ध श्रमिक वकील थे। उनकी माता साधना उपाध्याय मुंबई के कॉलेज में मराठी साहित्य की प्रमुख थी। 

करियर

साल 1988 में नितीश भारद्वाज ने अपना टेलीविजन करियर शुरू किया था। इस दौरान उनको महाभारत में भगवान श्रीकृष्ण का रोल ऑफर हुआ। इस शो में नितीश भारद्वाज ने भगवान श्रीकृष्ण के किरदार को जीवंत कर दिया था। उस दौरान महाभारत सबसे ज्यादा पसंद किया जाने वाला शो बन गया था और लोग नितीश भारद्वाज को भगवान समझ कर पूजने लगे थे। इसके बाद नितीश भारद्वाज ने टीवी सीरियल विष्णु पुराण, रामायण और गीता रहस्य में भी काम किया है। 

फिल्मी करियर

टीवी सीरियल की वजह से नितीश भारद्वाज काफी चर्चाओं में रहने वाले एक्टर थे। साल 1988 में ही नितीश भारद्वाज ने फिल्म त्रिशगणि से अपने फिल्मी करियर की शुरूआत की थी। इसके बाद फिल्म इंडस्ट्री की सबसे मशहूर अदाकार माधुरी दीक्षित के साथ नितीश ने साल 1992 में फिल्म संगीत में काम किया। अपने फिल्मी करियर में नितीश भारद्वाज को कई फेमस एक्टर और एक्ट्रेसेस के साथ काम करने का मौका मिला। नितीश भारद्वाज की प्रमुख फिल्मों में केदारनाथ, कृष्ण, अलका कुबल, प्रेम दान, मोहनजो दारो आदि शामिल हैं। वर्तमान में वह जाने-माने फिल्म अभिनेता, निर्देशक तथा प्रसिद्ध फिल्म निर्माता है।

राजनीतिक करियर

महाभारत में भगवान श्रीकृष्‍ण की भूमिका निभाने वाले एक्टर नितीश भारद्वाज बीजेपी के प्रमुख नेता रह चुके हैं। उन्होंने एक लंबी राजनीतिक पारी खेलने के बाद राजनीति से सन्यास ले लिया था। साल 1996 में उन्होंने बीजेपी के टिकट पर लोकसभा चुनाव में झारखंड के जमशेदपुर से चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में नितीश की जीत हुई थी। लेकिन साल 1999 के लोकसभा चुनाव में नितीश भारद्वाज को मध्य प्रदेश के राजगढ़ सीट से तत्कालीन मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के भाई लक्ष्मण सिंह से चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। वह काफी समय तक बीजेपी के प्रवक्ता भी रहे हैं।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़