ACME Group ओडिशा में लगाएगा 3.6 अरब डॉलर का Green Ammonia प्लांट

एसीएमई समूह ने ओडिशा में एक बड़े ग्रीन अमोनिया संयंत्र की स्थापना के लिए अंतिम निवेश निर्णय ले लिया है। इस परियोजना के तहत सालाना 7.6 लाख टन अमोनिया तैयार होगा और इसके वर्ष 2029 तक शुरू होने की उम्मीद है। उत्पादित अमोनिया की आपूर्ति भारत, जापान और यूरोपीय संघ के बाजारों को की जाएगी।
एसीएमई समूह ने ओडिशा में 3.6 अरब डॉलर की हरित अमोनिया परियोजना के लिए निवेश पर अंतिम निर्णय लिया है। इस परियोजना में सालाना 7.6 लाख टन हरित अमोनिया का उत्पादन किया जाएगा। कंपनी के अनुसार, भारत में निवेश के अंतिम निर्णय के चरण तक पहुंचने वाली यह सबसे बड़ी हरित अमोनिया परियोजना है।
कंपनी ने बुधवार को बयान में कहा कि इस संयंत्र के 2029 तक चालू होने की उम्मीद है। इसमें नवीकरणीय बिजली और इलेक्ट्रोलाइजर के जरिये तैयार हरित हाइड्रोजन का इस्तेमाल करके अमोनिया बनाया जाएगा। इसके लिए भारत, जापान और यूरोपीय संघ के बाजारों को लक्षित किया गया है।
परियोजना में प्रतिदिन 2,200 टन अमोनिया उत्पादन क्षमता वाला संयंत्र होगा। जर्मनी की थिसेनक्रुप उडे को इसका प्रौद्योगिकी भागीदार नियुक्त किया गया है और वह इस उत्पादन संयंत्र की रूपरेखा तैयार करेगी। कंपनी के मुताबिक, पारंपरिक तरीके से अमोनिया उत्पादन की तुलना में इस संयंत्र से हर साल 15 लाख टन से अधिक ग्रीनहाउस गैस का उत्सर्जन कम होने की उम्मीद है।
परियोजना के तहत सालाना 3.7 लाख टन अमोनिया की आपूर्ति सरकार की ‘हरित हाइड्रोजन बदलाव के लिए रणनीतिक हस्तक्षेप’ (साइट) योजना के तहत सोलर एनर्जी कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेकी) के माध्यम से भारतीय उर्वरक कंपनियों को की जाएगी। इसके अलावा, 83,000 टन अमोनिया जापान की आईएचआई कॉरपोरेशन को वहां की बिजली क्षेत्र में कार्बन उत्सर्जन घटाने के लिए चलाई जा रही दीर्घकालिक नीलामी योजना (एलटीडीपीए) के तहत दिया जाएगा। शेष उत्पादन की आपूर्ति यूरोपीय संघ सहित अन्य बाजारों और ग्राहकों को की जाएगी।
कंपनी ने कहा कि इस परियोजना में पूरी तरह नवीकरणीय ऊर्जा का इस्तेमाल होगा। एसीएमई समूह के चेयरमैन मनोज कुमार उपाध्याय ने कहा, ‘‘ओडिशा की हरित अमोनिया परियोजना के लिए निवेश का अंतिम निर्णय हमारे लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। इससे हम बड़े पैमाने पर उत्पादन की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।’’
अन्य न्यूज़













