Adani Rewards से यात्रियों को मिलेंगे ₹65000 तक के लाभ, 8 हवाई अड्डों पर शुरू हुआ कार्यक्रम

Adani Airport
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड ने अपने संचालित आठ हवाई अड्डों पर नया अदाणी रिवॉर्ड्स सदस्यता कार्यक्रम शुरू किया है। अदाणी वन ऐप से जुड़े इस प्रोग्राम में यात्रियों को लाउंज प्रवेश, विशेष सहायता और खरीदारी व खानपान पर छूट जैसी सुविधाएं मिलेंगी। कंपनी के अनुसार यह सुविधा जयपुर, मुंबई, अहमदाबाद और लखनऊ सहित सभी आठ प्रमुख हवाई अड्डों पर उपलब्ध होगी।

अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (एएएचएल) ने मुंबई, नवी मुंबई और जयपुर सहित कंपनी द्वारा संचालित आठ हवाई अड्डों पर अदाणी रिवॉर्ड्स सदस्यता कार्यक्रम शुरू किया है। इसके तहत यात्रियों को सालाना 65,000 रुपये तक के लाभ मिलेंगे। हवाई अड्डा प्रशासन के अनुसार, अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड ने यात्रियों को ये सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जयपुर सहित देश के आठ हवाई अड्डों पर नया सदस्यता कार्यक्रम अदाणी रिवॉर्ड्स शुरू किया है।

अदाणी वन ऐप के साथ एकीकृत इस कार्यक्रम में सदस्यता की श्रेणी के आधार पर खरीदारी और खानपान पर छूट, लाउंज में निःशुल्क प्रवेश, प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षा जांच, पार्किंग की सुविधा और यात्रियों को उनकी जरूरत के मुताबिक हवाई अड्डे पर विशेष सहायता मिलेगी। कंपनी ने यहां बयान में कहा कि ये सुविधाएं अहमदाबाद, लखनऊ, गुवाहाटी, मंगलुरु और तिरुवनंतपुरम के हवाई अड्डों पर भी उपलब्ध होंगी। एएएचएल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अरुण बंसल ने कहा कि पहले के कार्यक्रम को मिली प्रतिक्रिया से पता चलता है कि यात्रियों की रुचि अब हवाई यात्रा से आगे बढ़कर हवाई अड्डों पर मिलने वाली सेवाओं में भी बढ़ रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘अदाणी रिवॉर्ड्स 1.0 के तहत हमने 70 लाख यात्रियों को सदस्यता लेते देखा। इससे पता चलता है कि हवाई अड्डों के साथ अधिक जुड़ाव वाले संबंध की मांग है।’’ बंसल ने कहा कि उन्नत कार्यक्रम के तहत यात्रा, खुदरा खरीदारी, खानपान और आतिथ्य सेवाओं से जुड़े लाभ एक ही मंच पर उपलब्ध होंगे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़