कंपनियां तैनात AI Agents की संख्या से नहीं, बल्कि नतीजों से सफलता मापें: Oracle

AI Success
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

ओरेकल की वरिष्ठ उपाध्यक्ष नतालिया राचेलसन के अनुसार, कंपनियों को एआई की सफलता का आकलन तैनात एजेंटों की संख्या के बजाय मापने योग्य परिणामों से करना चाहिए। उन्होंने कहा कि एआई का वास्तविक मतलब केवल काम को तेज करना नहीं, बल्कि कारोबारी प्रक्रियाओं को नए सिरे से परिभाषित करना है।

 कृत्रिम मेधा (एआई) को अपनाने वाली कंपनियों को एक ऐसे लक्ष्य के साथ शुरुआत करनी चाहिए जिसे मापा जा सके और उन्हें सफलता का आकलन तैनात किए गए एआई एजेंट की संख्या के बजाय उनसे मिलने वाले परिणाम के आधार पर करना चाहिए। ओरेकल में एप्लिकेशन विकास की वरिष्ठ उपाध्यक्ष नतालिया राचेलसन ने यह बात कही। उन्होंने पीटीआई-भाषा से कहा कि अब यह प्रौद्योगिकी कर्मचारियों की मदद करने से आगे उनके लिए काम करने की दिशा में बढ़ रही है। उन्होंने कहा, यह याद रखना महत्वपूर्ण है कि तैनात किए गए एजेंट की संख्या से अधिक मायने यह रखता है कि वे कितना सुधार लाते हैं।

 राचेलसन ने कहा कि कारोबारी जगत के दिग्गजों को एक ऐसा परिणाम चुनना चाहिए जिसे वे माप सकें, जैसे कि लेखा संबंधी गलतियों को सुलझाने में लगने वाले समय को कम करना या परिवहन लागत घटाना। उन्होंने कहा, सबसे पहले एक आधार रेखा तय करना महत्वपूर्ण है ताकि आप यह आकलन कर सकें कि एआई कोई सार्थक बदलाव ला रहा है या नहीं। उन्होंने कहा कि इसके बाद कंपनियों को बुनियादी चीजों को दुरुस्त करना होगा, जिनमें विश्वसनीय डेटा, प्रक्रियाओं की स्पष्ट जिम्मेदारी, उचित नियंत्रण और ऐसे कर्मचारी शामिल हैं जो एआई एजेंट के साथ काम करना जानते हों।

 ओरेकल अधिकारी ने कहा कि सबसे बड़ा लाभ प्रक्रिया के उन हिस्सों से मिलता है जहां काम में देरी होती है या बार-बार मानवीय हस्तक्षेप की जरूरत पड़ती है। उन्होंने कहा कि कारोबारी दिग्गजों में सबसे बड़ी गलतफहमी यह है कि एआई का मतलब उसी काम को तेजी से करना है। उन्होंने कहा, ‘‘सबसे बड़ी गलतफहमी तब होती है जब लोग सोचते हैं कि एआई का मतलब उन्हीं कामों को अधिक तेजी से, बेहतर और सस्ते में करना है।

 ऐसा नहीं है। यह वास्तव में काम करने के तरीके को नए सिरे से परिभाषित करने के बारे में है... यदि 10 हजार चरणों के बजाय अब आप पांच चरणों पर आ गए हैं क्योंकि बीच का सारा काम एआई कर देता है, तो यह किसी कारोबारी प्रक्रिया को नए सिरे से परिभाषित करना है।’’

 राचेलसन ने कहा कि शुरुआती एआई उपकरण मुख्य रूप से सवालों के जवाब देने, सामग्री का मसौदा तैयार करने और सिफारिशें करने पर केंद्रित थे। नए एआई एजेंट किसी कारोबारी प्रक्रिया के भीतर अधिकृत कार्यों को अंजाम दे सकते हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़