Cabinet ने रबी सीजन के Fertilizer पर 62,370 करोड़ रुपये Subsidy दी मंजूरी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने रबी सत्र 2026-27 के लिए पोषक तत्व आधारित उर्वरक सब्सिडी दरों को हरी झंडी दे दी है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव के अनुसार, वैश्विक स्तर पर बढ़ती कीमतों के बावजूद डीएपी 1,350 रुपये प्रति बोरी के पुराने भाव पर ही किसानों को मिलेगा। इस कदम से किसानों को फॉस्फेटिक और पोटाश खाद किफायती दरों पर उपलब्ध कराई जाएगी।
(फाइल फोटो के साथ) नयी दिल्ली, 11 नवंबर सरकार ने रबी सत्र 2026-27 के लिए फॉस्फेटिक और पोटाश (पीएंडके) उर्वरकों पर 62,370 करोड़ रुपये की सब्सिडी को बुधवार को मंजूरी दी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में रबी सत्र 2026-27 (अक्टूबर, 2026 से 31 मार्च, 2027 तक) के लिए फॉस्फेटिक और पोटाश (पीएंडके) उर्वरक पर पोषक तत्व आधारित सब्सिडी (एनबीएस) की दरें तय करने के उर्वरक विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी दी। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बैठक के बाद संवाददाताओं को बताया कि मंत्रिमंडल ने पीएंडके उर्वरकों के लिए 62,370 करोड़ रुपये की सब्सिडी मंजूर की है।
उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया संकट और रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण उर्वरकों की कीमतों में भारी वृद्धि हुई है। मंत्री ने कहा कि हालांकि, सरकार ने पर्याप्त उर्वरक सब्सिडी देकर किसानों के हितों की रक्षा की है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने भू-राजनीतिक उथल-पुथल से किसानों को सुरक्षा कवच प्रदान किया है।
वैष्णव ने कहा कि डीएपी (डाई-अमोनियम फॉस्फेट) की कीमत 50 किलोग्राम के प्रति बोरे पर 1,350 रुपये पर बरकरार रहेगी। डीएपी और एनपीकेएस (नाइट्रोजन, फॉस्फोरस, पोटाश और सल्फर) श्रेणी सहित पीएंडके उर्वरकों पर सब्सिडी रबी सत्र 2026-27 के लिए मंजूर दरों के आधार पर दी जाएगी। इसका उद्देश्य किसानों को ये पोषक तत्व किफायती कीमतों पर आसानी से उपलब्ध कराना है।
अन्य न्यूज़














