चोलामंडलम इनवेस्टमेंट का पहली तिमाही में शुद्ध लाभ 46 प्रतिशत बढ़कर 1,656 करोड़ रुपये हुआ

मुरुगप्पा समूह की वित्तीय सेवा कंपनी चोलामंडलम इनवेस्टमेंट एंड फाइनेंस का चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 46 प्रतिशत बढ़कर 1,656 करोड़ रुपये हो गया। इस दौरान कंपनी की कुल आय भी 22 प्रतिशत बढ़कर 8,957 करोड़ रुपये रही। वहीं कंपनी के निदेशक मंडल ने गैर-परिवर्तनीय डिबेंचर के जरिये 55,000 करोड़ रुपये तक जुटाने को मंजूरी दी है।
नयी दिल्ली, 28 जुलाई मुरुगप्पा समूह की वित्तीय सेवा कंपनी चोलामंडलम इनवेस्टमेंट एंड फाइनेंस कंपनी का चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 46 प्रतिशत बढ़कर 1,656 करोड़ रुपये हो गया। वित्त वर्ष 2025-26 की पहली (अप्रैल-जून) तिमाही में कंपनी ने 1,138 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया था। कंपनी ने मंगलवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि अप्रैल-जून अवधि में उसकी कुल आय 22 प्रतिशत बढ़कर 8,957 करोड़ रुपये हो गई जो एक साल पहले इसी अवधि में 7,353 करोड़ रुपये थी।
जून के अंत तक कंपनी के प्रबंधन के तहत परिसंपत्तियां (एयूएम) सालाना आधार पर 23 प्रतिशत बढ़कर 2.54 लाख करोड़ रुपये हो गईं जो एक साल पहले 2.07 लाख करोड़ रुपये थीं। समीक्षाधीन तिमाही में ऋण वितरण 22 प्रतिशत बढ़कर 29,612 करोड़ रुपये हो गया जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 24,325 करोड़ रुपये था। गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) की परिसंपत्ति गुणवत्ता कमजोर हुई।
सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्तियां (जीएनपीए) समीक्षाधीन तिमाही में बढ़कर 4.5 प्रतिशत हो गईं जो पिछले वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 4.29 प्रतिशत थीं। शुद्ध एनपीए भी बढ़कर 2.95 प्रतिशत हो गया जो एक साल पहले 2.86 प्रतिशत था। इस बीच, एनबीएफसी के निदेशक मंडल ने निजी नियोजन के आधार पर एक या अधिक किस्तों में 55,000 करोड़ रुपये तक के गारंटी वाले /या बिना गारंटी वाले गैर-परिवर्तनीय डिबेंचर (एनसीडी) जारी कर धन जुटाने को मंजूरी दे दी है।
अन्य न्यूज़














