सुरक्षा जांच के आदेश के बाद eMudhra Share 20 प्रतिशत तक फिसला

इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा ईमुद्रा में सुरक्षा घटना की जांच के लिए विशेष दल गठित किए जाने के बाद कंपनी के शेयर 52 सप्ताह के निचले स्तर पर पहुंच गए। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर शेयर 19.91 प्रतिशत गिरकर 346 रुपये पर बंद हुआ। मंत्रालय के अनुसार, इस सुरक्षा चूक का असर भारतीय वेबसाइटों और ऐप्स पर बहुत सीमित रहा है।
डिजिटल प्रमाणपत्र जारी करने वाली कंपनी ईमुद्रा का शेयर बृहस्पतिवार को करीब 20 प्रतिशत टूटकर 52 सप्ताह के निचले स्तर पर आ गया। सरकार के कंपनी में सुरक्षा संबंधी एक घटना की जांच के लिए विशेष दल गठित करने की घोषणा के बाद कंपनी के शेयर में भारी गिरावट आई है। एनएसई पर कंपनी का शेयर 19.91 प्रतिशत फिसलकर 346 रुपये प्रति शेयर पर आ गया।
बीएसई पर कंपनी का शेयर 19.63 प्रतिशत टूटकर 346.85 रुपये प्रति शेयर पर रहा। गौरतलब है कि इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने ईमुद्रा में सुरक्षा संबंधी घटना की जांच के लिए एक विशेष दल गठित किया है। मंत्रालय के अनुसार, इस घटना का भारतीय वेबसाइट और ऐप पर असर बहुत सीमित रहा है।
मंत्रालय ने बुधवार को बयान में कहा था कि यह घटना मुख्य रूप से ईमुद्रा के वैश्विक डिजिटल प्रमाणपत्र कारोबार से जुड़ी है। उसने कुछ सोशल मीडिया खातों पर घटना के असर को लेकर लोगों में डर फैलाने का आरोप भी लगाया। यह मामला तब सामने आया, जब भारतीय डिजिटल प्रमाणन प्राधिकरण ईमुद्रा ने खुलासा किया कि उसके डिजिटल प्रमाणपत्र से जुड़ी निजी सुरक्षा कुंजियों (प्राइवेट की) की सुरक्षा प्रभावित हुई है।
साइबर सुरक्षा एजेंसी भारतीय कंप्यूटर आपात प्रतिक्रिया दल (सीईआरटी-इन) ने भी इस संबंध में परामर्श जारी किया है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि ईमुद्रा दो अलग-अलग क्षेत्रों में काम करती है। पहले क्षेत्र में डिजिटल हस्ताक्षर प्रमाणपत्र (डीएससी) जारी करना और ई-हस्ताक्षर सेवाएं देना शामिल है।
इनका नियमन मंत्रालय के तहत आने वाला भारतीय प्रमाणन प्राधिकरण (सीसीए) करता है।
अन्य न्यूज़














