अंतरराष्ट्रीय संपर्क बढ़ाने के लिए 'हब एंड स्पोक' मॉडल के तहत 44 हवाई अड्डे विकसित करेगी सरकार

Prabhasakshi Image

सरकार का लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय संपर्क को बेहतर बनाने के लिए चार 'हब' सहित कुल 44 हवाई अड्डों का नेटवर्क विकसित करना है। नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू ने इसे देश के लिए विमानन संप्रभुता और अवसर का मॉडल बताया है। इसके साथ ही सरकार अगले 10 वर्षों में 100 हवाई अड्डे और 200 हेलीपोर्ट विकसित करने की योजना पर भी काम कर रही है।

(आवश्यक बदलाव के साथ रिपीट) अमृतसर, 28 जुलाई सरकार का लक्ष्य चार ‘हब’ हवाई अड्डों सहित कुल 44 हवाई अड्डों का नेटवर्क विकसित करना है ताकि अंतरराष्ट्रीय हवाई संपर्क को निर्बाध बनाया जा सके। एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। एचएंडएस मॉडल के तहत छोटे हवाई अड्डों यानी ‘स्पोक’ से यात्रियों को बड़े हवाई अड्डों यानी ‘हब’ के जरिये अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों तक पहुंचने की सुविधा दी जाती है।

भारत को वैश्विक विमानन केंद्र बनाने की इस योजना के तहत ‘हब’ हवाई अड्डों के माध्यम से छोटे व मझोले शहरों के हवाई अड्डों को अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों से निर्बाध रूप से जोड़ा जाएगा। अमृतसर हवाई अड्डे पर ‘हब एंड स्पोक’ मॉडल की उड़ानों की शुरुआत के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में नागर विमानन सचिव समीर कुमार सिन्हा ने कहा कि चार ‘हब’ और 40 अन्य हवाई अड्डे विकसित किए जाएंगे। नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू ने वीडियो संदेश में कहा कि ‘हब एंड स्पोक’ मॉडल भारत के लिए ‘‘विमानन संप्रभुता’’ और ‘‘अवसर’’ का मॉडल है।

उन्होंने कहा कि सरकार का अगले 10 वर्ष में 100 हवाई अड्डे तथा 200 ‘हेलीपोर्ट’ विकसित करने का लक्ष्य है। इस मॉडल के तहत एयर इंडिया ने ‘ईजी कनेक्ट’ उड़ानें शुरू की हैं, जिनसे प्रमुख ‘हब’ से इतर शहरों के यात्री अपने प्रस्थान हवाई अड्डे पर ही सामान जमा कर सकेंगे, आव्रजन प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे और बिना किसी अतिरिक्त औपचारिकता के विदेश यात्रा कर सकेंगे। पहली ‘ईजी कनेक्ट’ सेवा 25 जून को वाराणसी से शुरू की गई थी।

All the updates here:

अन्य न्यूज़