बिहार में प्रदर्शनकारी छात्रों पर एके-47 के कथित इस्तेमाल को लेकर अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर साधा निशाना

आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बिहार के सिवान जिले में छात्र प्रदर्शन के दौरान एके-47 राइफल से गोलीबारी के आरोपों को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ आतंकवादियों जैसा व्यवहार नहीं किया जाना चाहिए। इस मामले में सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी पुलिस कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है।
नयी दिल्ली, 28 जुलाई आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बिहार के सिवान जिले में छात्र के प्रदर्शन के दौरान एके-47 राइफल से गोलीबारी के आरोपों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की आलोचना करते हुए मंगलवार को कहा कि छात्रों के साथ आतंकवादियों जैसा व्यवहार नहीं किया जाना चाहिए। परीक्षा में कथित अनियमितताओं के खिलाफ 25 जुलाई को सिवान में हुए छात्रों के प्रदर्शन के दौरान एक कांस्टेबल द्वारा एके-47 राइफल का इस्तेमाल करने का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ। इसके बाद सोमवार को आरोपी कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया।
केजरीवाल ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘आखिर भाजपा को क्या हो गया है? बिहार में हमारे छात्रों पर एक-47 से गोलियां चलाई गईं। क्या ये छात्र आतंकवादी हैं?’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं मोदी (प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी)-सम्राट(बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी) को याद दिलाना चाहता हूं कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण के नेतृत्व में बिहार की धरती से नारा लगा था -सिंहासन खाली करो की जनता आती है।’’ दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘कृपया छात्रों से पंगा न लें।’’ सिवान के पुलिस अधीक्षक पूरण कुमार झा ने सोमवार को बताया कि वीडियो सामने आने के बाद जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) में तैनात कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है और उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
अन्य न्यूज़














