HMSI को मौजूदा वित्त वर्ष में 60 लाख Two-Wheeler बेचने की उम्मीद

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 में घरेलू बिक्री 60 लाख इकाई तक पहुंचने का अनुमान जताया है। कंपनी के अध्यक्ष त्सुत्सुमु ओतानी के अनुसार त्योहारों और नवरात्र के दौरान मांग में आई तेजी से बिक्री में करीब 4.3 प्रतिशत की वार्षिक बढ़ोतरी दर्ज हो सकती है।

होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (एचएमएसआई) के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी त्सुत्सुमु ओतानी ने कहा कि कंपनी को चालू वित्त वर्ष 2026-27 में घरेलू बाजार में दोपहिया वाहनों की बिक्री 60 लाख इकाई तक पहुंचने की उम्मीद है। यह आंकड़ा वित्त वर्ष 2025-26 में घरेलू बाजार में भेजे गए 57.5 लाख वाहनों की तुलना में करीब 4.3 प्रतिशत अधिक होगा। होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया देश की दूसरी सबसे बड़ी दोपहिया वाहन विनिर्माता कंपनी है।

ओतानी ने पीटीआई-भाषा को दिए साक्षात्कार में कहा, इस साल बाजार और होंडा की बिक्री दोनों काफी अच्छी रही हैं। नवरात्र शुरू होने के साथ बिक्री और अच्छी चल रही है। मौजूदा रफ्तार को देखते हुए इस साल घरेलू बिक्री करीब 60 लाख इकाई रह सकती है।

वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में होंडा की घरेलू दोपहिया वाहनों की आपूर्ति सालाना आधार पर 13.5 प्रतिशत बढ़कर 30.4 लाख इकाई हो गई। इस दौरान कंपनी की बाजार हिस्सेदारी करीब 25 प्रतिशत रही। होंडा की कुल दोपहिया बिक्री में स्कूटर की हिस्सेदारी करीब 60 प्रतिशत है।

जापानी कंपनी लंबे समय से इस खंड में मजबूत रही है। वहीं, पूरे उद्योग में स्कूटर की हिस्सेदारी करीब 40 प्रतिशत है और मोटरसाइकिलों की बिक्री अधिक है। ओतानी ने कहा कि स्कूटर की मांग बढ़ रही है।

यह दुनिया भर में हल्की मोटरसाइकिलों से स्कूटर की ओर बढ़ते रुझान के अनुरूप है। उन्होंने कहा कि भारत में दोनों श्रेणियों की हिस्सेदारी इस बात पर निर्भर करेगी कि ग्राहक अपने वाहनों का इस्तेमाल किस तरह करते हैं। एचएमएसआई के अध्यक्ष ने कहा कि सभी श्रेणियों में मांग बढ़ रही है और होंडा स्कूटर के साथ शुरुआती स्तर की और प्रीमियम मोटरसाइकिलों पर भी ध्यान देगी।

ओतानी ने कहा कि अधिक ग्राहक प्रीमियम उत्पादों की ओर बढ़ रहे हैं, लेकिन शुरुआती स्तर के वाहनों का बाजार भी विस्तार कर रहा है। उन्होंने कहा कि कंपनी अपने व्यापक वैश्विक उत्पाद पोर्टफोलियो का लाभ उठाकर भारतीय ग्राहकों की जरूरतों के अनुरूप मॉडल पेश कर सकती है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़