देश के 7 शहरों में Housing Sales 3% बढ़कर 1 लाख पार, ANAROCK ने जारी किए आंकड़े

अनारॉक के अनुसार, देश के सात प्रमुख शहरों में जुलाई-सितंबर तिमाही के दौरान आवासीय संपत्तियों की बिक्री तीन प्रतिशत बढ़कर एक लाख इकाई से अधिक हो गई। मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद में मजबूत मांग के चलते कुल बिक्री मूल्य 1.55 लाख करोड़ रुपये रहा। साथ ही इन शहरों में मकानों की औसत कीमतों में भी सात प्रतिशत की वृद्धि हुई।
देश के सात प्रमुख शहरों में जुलाई-सितंबर के दौरान मकानों की बिक्री सालाना आधार पर तीन प्रतिशत बढ़कर एक लाख इकाई से अधिक हो गई। मुंबई महानगर क्षेत्र, बेंगलुरु और हैदराबाद में मजबूत मांग इसकी मुख्य वजह रही। रियल एस्टेट सलाहकार कंपनी अनारॉक ने यह जानकारी दी। अनारॉक के अनुसार, मूल्य के लिहाज से जुलाई-सितंबर के दौरान कुल बिक्री दो प्रतिशत बढ़कर 1.55 लाख करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले साल की समान अवधि में 1.52 लाख करोड़ रुपये थी। गौरतलब है कि रियल एस्टेट डेटा एनालिटिक्स कंपनी ‘प्रॉपइक्विटी’ ने पिछले सप्ताह कहा था कि जुलाई-सितंबर तिमाही में कुल बिक्री छह प्रतिशत घटकर 1.03 लाख इकाई रह गई।
रियल एस्टेट सलाहकार अनारॉक ने सोमवार को जुलाई-सितंबर तिमाही के प्राथमिक आवासीय बाजार के आंकड़े जारी किए। इन आंकड़ों के अनुसार, सात प्रमुख शहरों में आवासीय संपत्तियों की औसत कीमत में सामूहिक रूप से सालाना सात प्रतिशत की वृद्धि हुई। इस साल जुलाई-सितंबर के दौरान आवासीय संपत्तियों की बिक्री 1,00,220 इकाई रही, जो पिछले साल की समान अवधि में 97,080 इकाई थी। मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर), बेंगलुरु और हैदराबाद में बिक्री बढ़ी जबकि दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर), पुणे, चेन्नई और कोलकाता में बिक्री में गिरावट आई।
रियल एस्टेट सलाहकार अनारॉक के चेयरमैन अनुज पुरी ने कहा कि वर्ष 2026 की तीसरी (जुलाई-सितंबर) तिमाही में शीर्ष सात शहरों में कुल बिक्री में एमएमआर और बेंगलुरु की हिस्सेदारी 48 प्रतिशत रही। इन सात शहरों में वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही में करीब 1,14,320 आवासीय इकाइयां पेश की गईं, जबकि 2025 की तीसरी तिमाही में 96,690 इकाइयां पेश की गई थीं।
इस तरह इसमें सालाना 18 प्रतिशत की वृद्धि हुई। अनारॉक के पुरी ने कहा, ‘‘ आगामी त्योहारों के मद्देनजर आवासीय मांग बढ़ने की उम्मीद है। इससे जुलाई-सितंबर तिमाही में देखी गई तेजी को और गति मिलेगी।
अन्य न्यूज़














