SEA के अनुसार अप्रैल-अगस्त में भारत का Oil Meal निर्यात 28.51 प्रतिशत गिरा

SEA के अनुसार अप्रैल-अगस्त में भारत का Oil Meal निर्यात 28.51 प्रतिशत गिरा
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

उद्योग निकाय सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अनुसार चालू वित्त वर्ष के शुरुआती पांच महीनों में भारत से तेल खली का कुल निर्यात घटकर 12.82 लाख टन रह गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारतीय सोयाबीन खली की ऊंची कीमतों और दक्षिण अमेरिकी देशों की सस्ती आपूर्ति के कारण इसकी खेप में 73 प्रतिशत की भारी गिरावट आई। लाल सागर संकट और महंगे समुद्री भाड़े ने भी वैश्विक व्यापार को सीमित किया।

नयी दिल्ली, नौ नवंबर पशु आहार के रूप में मुख्य रूप से इस्तेमाल होने वाली तेल खली का भारत से निर्यात चालू वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-अगस्त अवधि में 28.51 प्रतिशत घटकर 12.82 लाख टन रह गया। हालांकि सोयाबीन खली की बिक्री में भारी गिरावट से कुल निर्यात प्रभावित हुआ। उद्योग निकाय सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एसईए) ने सोमवार को बताया कि पिछले साल की समान अवधि में तेल खली का निर्यात 17.93 लाख टन रहा था।

वित्त वर्ष 2025-26 में कुल तेल खली निर्यात 37.68 लाख टन था। सोयाबीन खली का निर्यात 73 प्रतिशत घटकर 2,05,000 टन रह गया, जो एक साल पहले की समान अवधि में 7,57,000 टन था। एसईए ने बयान में कहा, ‘‘अगस्त 2026 के दौरान अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भारतीय सोयाबीन खली को कीमतों के मोर्चे पर भारी दबाव का सामना करना पड़ा।

इसकी कीमत करीब 622 डॉलर प्रति टन थी, जबकि वैश्विक मानक कीमतें करीब 445 डॉलर प्रति टन थीं।’’ उसने कहा कि अर्जेंटीना और ब्राजील जैसे दक्षिण अमेरिकी उत्पादकों से सस्ती आपूर्ति के कारण बाजार में उनकी हिस्सेदारी लगातार बढ़ रही है। एसईए ने कहा कि पशुधन और मुर्गीपालन के लिए आहार बनाने वाली कंपनियों की ओर से घरेलू मांग मजबूत रहने के साथ ही लाल सागर में जहाजरानी में लगातार आ रही बाधाओं और समुद्री माल ढुलाई की ऊंची लागत ने भी निर्यात को सीमित किया। उद्योग निकाय ने कहा कि सरसों खली के निर्यात से कुछ राहत मिली।

चीन, बांग्लादेश और वियतनाम सहित प्रमुख एशियाई खरीदारों को इसकी बिक्री हुई। सरसों खली का निर्यात एक साल पहले के 9,15,000 टन से घटकर 8,80,000 टन रह गया। अरंडी खली का निर्यात घटकर 96,245 टन रह गया, जो एक साल पहले 1,06,000 टन था।

वहीं, मूंगफली खली का निर्यात 14,960 टन से घटकर 3,231 टन रह गया। एसईए के आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल-अगस्त के दौरान चीन, बांग्लादेश, दक्षिण कोरिया और वियतनाम भारतीय तेल खली के प्रमुख आयातक रहे। चीन ने 4,01,000 टन तेल खली खरीदी, जो एक साल पहले की समान अवधि के 3,75,356 टन से अधिक है।

इसमें 3,94,856 टन सरसों खली, 4,528 टन सोयाबीन खली और 1,616 टन अरंडी खली शामिल थी। बांग्लादेश ने 2,17,194 टन तेल खली का आयात किया, जबकि एक साल पहले यह मात्रा 1,78,190 टन थी। इसमें 2,08,079 टन सरसों खली, 8,204 टन सोयाबीन खली और 911 टन चावल की भूसी से निकाली गई खली शामिल थी।

दक्षिण कोरिया ने 1,53,932 टन तेल खली खरीदी, जबकि एक साल पहले यह मात्रा 2,09,887 टन थी। इसमें 86,636 टन सरसों खली, 48,796 टन अरंडी खली और 18,458 टन सोयाबीन खली शामिल थी। वियतनाम ने 1,23,951 टन तेल खली खरीदी, जो एक साल पहले की समान अवधि के 92,189 टन से अधिक है।

इसमें 65,510 टन चावल की भूसी से निकाली गई खली, 53,580 टन सरसों खली, 4,600 टन सोयाबीन खली और 261 टन मूंगफली खली शामिल थी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़