शुल्क बढ़ोतरी से अमेरिका को भारतीय निर्यात हो सकता है प्रभावितः Exim Bank

Exim Bank
प्रतिरूप फोटो
ANI
Prabhasakshi News Desk । Mar 8 2025 12:08PM

एक्जिम बैंक की उप प्रबंध निदेशक दीपाली अग्रवाल ने यहां संवाददाताओं से कहा कि बैंक ने दो अप्रैल से भारतीय उत्पादों पर अधिक सीमा शुल्क लगाने के अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ऐलान से पड़ने वाले असर को लेकर बैंक ने केंद्र सरकार को अपनी राय दे दी है।

मुंबई । भारतीय निर्यात-आयात बैंक (एक्जिम बैंक) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि सीमा शुल्क की दरों पर अमेरिका के बदले रुख से अमेरिका को किए जाने वाले भारतीय निर्यात पर असर पड़ सकता है। एक्जिम बैंक की उप प्रबंध निदेशक दीपाली अग्रवाल ने यहां संवाददाताओं से कहा कि बैंक ने दो अप्रैल से भारतीय उत्पादों पर अधिक सीमा शुल्क लगाने के अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ऐलान से पड़ने वाले असर को लेकर बैंक ने केंद्र सरकार को अपनी राय दे दी है।

हालांकि उन्होंने एक्जिम बैंक की तरफ से सरकार को दी गयी सूचना के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। उन्होंने बैंक के एक कार्यक्रम के दौरान कहा, भारतीय निर्यात का एक बड़ा हिस्सा अमेरिका को जाता है। इस फैसले का महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ेगा लेकिन यह इस बात पर निर्भर करेगा कि मांग किस तरह की आ रही है।

उन्होंने कहा, यह भी समझने की जरूरत है कि ये अमेरिका के नए प्रशासन के तहत लिए गए निर्णय या घोषणाएं हैं और हमें इन निर्णयों के सटीक प्रभाव को मापने के लिए कुछ समय देने की जरूरत है। बैंक अधिकारी ने कहा कि अमेरिकी प्रशासन को उन उपभोक्ताओं की ओर से कुछ आंतरिक मांगें भी महसूस हो सकती हैं जो आयात पर निर्भर हैं और शुल्क बढ़ोतरी के कारण कुछ उत्पादों को खोने का जोखिम पैदा हो सकता है। इसके साथ ही अग्रवाल ने कहा कि रुपये के मूल्य में आई गिरावट के पहलू पर भी गौर किया जाना चाहिए।

All the updates here:

अन्य न्यूज़