PM Modi का 21 नवंबर को Vaishali दौरा, औद्योगिक गलियारा परियोजनाओं की देंगे सौगात

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

बिहार में राजग सरकार का एक वर्ष पूरा होने के मौके पर प्रधानमंत्री 21 नवंबर को वैशाली जिले का दौरा करेंगे। वह जफरपट्टी में 1,650 एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रहे औद्योगिक गलियारे से संबंधित परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

पटना, पांच नवंबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 21 नवंबर को बिहार के वैशाली जिले का दौरा करेंगे। इस दौरान वह औद्योगिक गलियारे से जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन करने के साथ ही एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

सरावगी ने बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेताओं की बैठक में प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों की समीक्षा की गई। राज्य में राजग सरकार के एक साल पूरे होने के अगले दिन प्रधानमंत्री का यह दौरा प्रस्तावित है। उन्होंने कहा, 20 नवंबर को राज्य की मौजूदा राजग सरकार का एक साल पूरा हो जाएगा।

यह एक ऐतिहासिक अवसर होगा और प्रधानमंत्री के 21 नवंबर को बिहार आने से यह और खास बन जाएगा। उनका कार्यक्रम वैशाली जिले के जफरपट्टी में प्रस्तावित है, जहां 1,650 एकड़ क्षेत्र में औद्योगिक गलियारा विकसित किया जा रहा है। सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री इस अवसर पर बिहार को कई सौगात दे सकते हैं और विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन करने की भी संभावना है।

सरावगी ने दो निर्दलीय विधान परिषद सदस्यों के भाजपा में शामिल होने के दावे के बाद जनता दल यूनाइटेड (जदयू) में कथित नाराजगी से जुड़े सवाल को टाल दिया। जदयू के अध्यक्ष नीतीश कुमार ने इस साल अप्रैल में मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। निर्दलीय विधान परिषद सदस्य ब्रजभूषण ब्रजवासी और राहुल राज ने भाजपा में शामिल होने का दावा किया है।

दोनों हाल ही में तिरहुत स्नातक और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से विधान परिषद के लिए निर्वाचित हुए हैं। इन दोनों सीटों पर जदयू ने अपने उम्मीदवार उतारे थे। बैठक में मौजूद जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने संवाददाताओं से कहा, कृपया किसी तरह की नकारात्मकता न पालें।

राजग पूरी तरह एकजुट है। जैसा कि बताया गया है, मुख्यमंत्री आवास पर हुई बैठक प्रधानमंत्री के दौरे की तैयारियों को लेकर केंद्रित थी। उन्होंने कहा, मेरे लिए विशेष रूप से यह गर्व की बात है कि प्रधानमंत्री मेरे जिले का दौरा कर रहे हैं।

कुशवाहा महनार विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। विधान परिषद चुनावों में जदयू के प्रदर्शन के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि इस संबंध में पार्टी कार्यालय में दिन में पहले ही समीक्षा बैठक की जा चुकी है। कुशवाहा ने कहा, हमने चार सीट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन केवल एक सीट पर जीत हासिल कर सके।

सभी उम्मीदवार पार्टी की बैठक में शामिल हुए थे। उनसे चुनाव के संबंध में प्रतिक्रिया ली गई है और उसी के आधार पर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़