Indigo के 20 साल पूरे होने पर Rahul Bhatia का बड़ा बयान, नए CEO संभालेंगे कमान

Indigo के 20 साल पूरे होने पर Rahul Bhatia का बड़ा बयान, नए CEO संभालेंगे कमान
प्रतिरूप फोटो

इंडिगो के सह-संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक राहुल भाटिया ने एयरलाइन के 20 साल पूरे होने पर कहा कि इसका सर्वश्रेष्ठ आना अभी बाकी है। उन्होंने घोषणा की कि नए मुख्य कार्यपालक अधिकारी विली वॉल्श कंपनी को वृद्धि के अगले चरण में ले जाएंगे।

नयी दिल्ली, चार अगस्त देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो के सह-संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक (एमडी) राहुल भाटिया ने कंपनी के 20 साल पूरे होने पर मंगलवार को कहा कि एयरलाइन का सर्वश्रेष्ठ आना अभी बाकी है और अब इसकी कमान नए मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विली वॉल्श संभालेंगे। भाटिया ने कर्मचारियों को भेजे संदेश में कहा कि भारतीय विमानन क्षेत्र अभी शुरुआती दौर में है और इसके प्रमुख विमानन केंद्र बनने की तरफ अग्रसर होने में इंडिगो की अहम भूमिका रही है। एयरलाइन का परिचालन चार अगस्त, 2006 को शुरू हुआ था।

फिलहाल यह 430 से अधिक विमानों के बेड़े के साथ रोजाना करीब 2,200 उड़ानों का संचालन करती है। भाटिया ने कहा कि एक महत्वाकांक्षी सोच से शुरू हुई यह यात्रा आज वैश्विक स्तर पर सराही जाने वाली सफलता की कहानी बन चुकी है और आगे का चरण अधिक वृद्धि, नवाचार और वैश्विक विस्तार का संकेत देता है। उन्होंने वॉल्श को इंडिगो की कमान सौंपते हुए कहा कि वह कंपनी को वृद्धि के अगले चरण में ले जाएंगे।

एयरलाइन ने वर्ष 2030 तक प्रतिदिन लगभग 3,000 उड़ानें संचालित करने, सालाना 20 करोड़ यात्रियों को सेवा देने और 550 से अधिक विमानों का बेड़ा तैयार करने का लक्ष्य रखा है। इस साल मार्च में तत्कालीन सीईओ पीटर एल्बर्स के अचानक इस्तीफे के बाद भाटिया अंतरिम सीईओ के रूप में कार्य देख रहे थे।

All the updates here:

अन्य न्यूज़