NITI Aayog शुरू करेगा राष्ट्रीय कार्यशालाएं, PM Modi के 25 साल के शासन मॉडल का होगा अध्ययन

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

नीति आयोग सरकार के मुखिया के रूप में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के कार्यकाल से सीख लेने के लिए पांच राष्ट्रीय कार्यशालाओं की एक शृंखला आयोजित करेगा। इस पहल का उद्देश्य सार्वजनिक नेतृत्व के इन वर्षों का अध्ययन कर शासन के अनुभवों को साझा ज्ञान में बदलना है। पहली कार्यशाला 17 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित होगी, जिसका समापन कैबिनेट सचिव टी वी सोमनाथन करेंगे।

नीति आयोग सरकार के मुखिया के तौर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के कार्यकाल से सीख लेने के लिए 17 नवंबर को पांच राष्ट्रीय कार्यशालाओं की एक शृंखला शुरू करेगा। रविवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। बयान में कहा गया कि इस शृंखला के तहत सार्वजनिक नेतृत्व के इन 25 वर्षों का अध्ययन किया जाएगा, ताकि इससे मिलने वाली सीख देश के साझा ज्ञान का हिस्सा बन सके।

इसमें उन लोगों के अनुभवों को संकलित किया जाएगा जो इस यात्रा का हिस्सा रहे हैं और इन अनुभवों को ऐसे ज्ञान में बदला जाएगा जिससे सभी को लाभ मिल सके। मोदी ने सात अक्टूबर, 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभाला था। उस पद पर 12 वर्षों से अधिक समय तक सेवा देने के बाद, उन्होंने मई, 2014 में प्रधानमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला और वह लगातार अपना तीसरा कार्यकाल पूरा कर रहे हैं।

बयान में कहा गया कि सात अक्टूबर, 2026 को 25 वर्ष पूरे होने के साथ ही यह भारत में किसी निर्वाचित सरकार के मुखिया के रूप में सबसे लंबा निरंतर कार्यकाल बन गया है। बयान में आगे कहा गया कि इस दौरान शासन व्यवस्था प्रधान सेवक के विचार पर आधारित रही है, जिसके तहत सरकार का प्रत्येक कार्यालय नागरिकों की सेवा के लिए मौजूद है। इसके मुताबिक अंत्योदय ने प्रगति का पैमाना अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को बनाया है।

जन भागीदारी ने विकास को एक जन आंदोलन बना दिया है। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास के सिद्धांत ने इसे एक साझा राष्ट्रीय उद्यम के रूप में और मजबूत किया है। ये कार्यशालाएं शासन के पांच विषयों - नवंबर 2026 में मिशन के रूप में नेतृत्व , जनवरी 2027 में सेवा प्रदाता के रूप में शासन , अप्रैल 2027 में समावेशन के रूप में विकास , जुलाई 2027 में सभ्यतागत पहचान और सितंबर 2027 में वैश्विक शक्ति के रूप में भारत पर केंद्रित होंगी।

पहली कार्यशाला का आयोजन 17 नवंबर, 2026 को राष्ट्रीय राजधानी में किया जाएगा। मंत्रिमंडल सचिव टी वी सोमनाथन कार्यशाला का समापन करेंगे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़