Diwali पर NSE और BSE में 8 नवंबर को दोपहर 2.20 से मुहूर्त कारोबार

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

दिवाली के मौके पर प्रमुख शेयर बाजारों में रविवार 8 नवंबर को विशेष मुहूर्त कारोबारी सत्र आयोजित किया जाएगा। इस दौरान दोपहर 2:05 बजे से 15 मिनट का प्री-ओपनिंग सत्र होगा और मुख्य कारोबार दोपहर 2:20 बजे से 3:30 बजे तक चलेगा। दोनों स्टॉक एक्सचेंजों ने सर्कुलर जारी कर इस एक घंटे के प्रतीकात्मक सत्र की समय-सारिणी साझा की है।

प्रमुख शेयर बाजार नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) और बीएसई दिवाली के के अवसर पर रविवार आठ नवंबर को विशेष ‘मुहूर्त’ कारोबारी सत्र आयोजित करेंगे। दोनों एक्सचेंज ने सोमवार को यह जानकारी दी। दोनों एक्सचेंज द्वारा जारी अलग-अलग परिपत्रों के अनुसार, विशेष कारोबार सत्र दोपहर 2:20 बजे से 3:30 बजे तक चलेगा।

इससे पहले, दोपहर 2:05 बजे से 2:20 बजे तक 15 मिनट का ‘प्री-ओपनिंग’ सत्र आयोजित किया जाएगा। मुहूर्त कारोबार दिवाली के अवसर पर आयोजित होने वाला एक प्रतीकात्मक बाजार सत्र है। दिवाली हिंदू कैलेंडर के नए वर्ष की शुरुआत का भी प्रतीक है।

ऐसी मान्यता है कि मुहूर्त यानी शुभ समय में कारोबार करने से संबंधित पक्षों को समृद्धि और वित्तीय वृद्धि प्राप्त होती है। हालांकि, दिवाली पर शेयर बाजार नियमित कारोबार के लिए बंद रहेगा, लेकिन निवेशकों को इस विशेष समयावधि में शेयरों की खरीद-बिक्री का अवसर मिलेगा। आम कारोबारी दिनों में शेयर बाजार सुबह 9:15 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक संचालित होते हैं, जबकि मुहूर्त कारोबार कम समय के लिए आयोजित किया जाता है।

हालांकि, बाजार विश्लेषकों ने आगाह किया है कि कारोबार की सीमित समयावधि के कारण बाजार में उतार-चढ़ाव बढ़ सकता है। उनका कहना है कि इस सत्र का महत्व तत्काल मुनाफा कमाने के बजाय इसकी पारंपरिक और प्रतीकात्मक महत्ता में अधिक निहित है। एक्सचेंज के परिपत्रों के अनुसार, इस दौरान इक्विटी, जिंस डेरिवेटिव्स, करेंसी डेरिवेटिव्स, इक्विटी फ्यूचर्स एवं ऑप्शंस तथा एसएलबी सहित विभिन्न खंड में कारोबार किया जा सकेगा।

एक्सचेंज ने विशेष सत्र के लिए विस्तृत समय-सारिणी भी जारी की है। परिपत्रों के अनुसार, कारोबारी सदस्यों को दोपहर 1:15 बजे से 1:50 बजे के बीच लॉग-इन करने की अनुमति होगी। इसके बाद दोपहर 1:50 बजे से 2:05 बजे तक थोक सौदों के लिए समय निर्धारित किया गया है।

‘प्री-ओपनिंग’ सत्र दोपहर 2:05 बजे से 2:20 बजे तक चलेगा, जबकि नियमित कारोबार दोपहर 2:20 बजे से 3:30 बजे तक होगा। आवधिक कॉल नीलामी (पीरियोडिक कॉल ऑक्शन) सत्र दोपहर 2:25 बजे से 3:20 बजे तक निर्धारित किया गया है। क्लोजिंग ऑक्शन की गतिविधियां दोपहर 3:15 बजे से 3:35 बजे तक होंगी, जबकि गैर-सीएएस प्रतिभूतियों के लिए क्लोजिंग सत्र दोपहर 3:30 बजे से 3:50 बजे तक चलेगा।

सीएएस प्रतिभूतियों के लिए क्लोजिंग बफर अवधि दोपहर 3:35 बजे से 3:50 बजे तक निर्धारित की गई है। इसके बाद कारोबार बंद होने के बाद का सत्र दोपहर 3:50 बजे से शाम चार बजे तक चलेगा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़