काहिरा में Piyush Goyal ने Elsewedy Electric के CEO से की बातचीत

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मिस्र के काहिरा में बहुराष्ट्रीय कंपनी अल्स्वेदी इलेक्ट्रिक के प्रमुख अहमद अल्स्वेदी से मुलाकात कर भारत में निवेश के अवसरों पर चर्चा की। इस दौरान विद्युत उपकरण, स्मार्ट मीटर और डेटा केंद्र जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय साझेदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया।
भारत और मिस्र के बीच व्यापारिक एवं निवेश सहयोग को नई दिशा देने की संभावनाओं के बीच केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मिस्र की बहुराष्ट्रीय कंपनी अल्स्वेदी इलेक्ट्रिक के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अहमद अल्स्वेदी से मुलाकात की। 14 नवंबर को काहिरा में हुई इस बैठक में भारत में निवेश की संभावनाओं और विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा हुई। गोयल ने सोशल मीडिया पर साझा जानकारी में बताया कि बैठक के दौरान विद्युत उपकरण, स्मार्ट मीटर और डेटा केंद्र जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में साझेदारी मजबूत करने की रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया गया।
उन्होंने कहा कि भारत इस समय विकास के एक महत्वपूर्ण दौर से गुजर रहा है। देश का विशाल बाजार वैश्विक कंपनियों के लिए निवेश, नवोन्मेषण और कारोबार के विस्तार के व्यापक अवसर उपलब्ध करा रहा है। गौरतलब है कि अल्स्वेदी इलेक्ट्रिक मिस्र की प्रमुख बहुराष्ट्रीय कंपनियों में शामिल है।
कंपनी बिजली केबल, बिजली समाधान, इंजीनियरिंग, निर्माण तथा एकीकृत ऊर्जा एवं बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काम करती है। गोयल दो दिन की मिस्र यात्रा पर हैं। उनके नेतृत्व में 132 सदस्यीय भारतीय कारोबारी प्रतिनिधिमंडल भी मिस्र पहुंचा है।
अन्य न्यूज़














