भारत-अमेरिका Trade Deal पर पीयूष गोयल और Jamieson Greer के बीच अहम बैठक

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने मिल्वॉकी में जी-20 व्यापार मंत्रियों की बैठक से इतर अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय अंतरिम व्यापार समझौते को तेजी से अंतिम रूप देने पर सार्थक विमर्श किया। यह बैठक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हालिया बातचीत के बाद हुई है।

(सागर कुलकर्णी) वॉशिंगटन, एक अक्टूबर वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने भारत और अमेरिका के बीच परस्पर लाभकारी अंतरिम व्यापार समझौते को जल्द अंतिम रूप देने के लिए अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि (यूएसटीआर) जैमीसन ग्रीर के साथ ‘‘सार्थक चर्चा’’ की। गोयल ने बुधवार को यहां से करीब 1,200 किलोमीटर दूर मिल्वॉकी में जी-20 व्यापार मंत्रियों की बैठक से इतर ग्रीर से मुलाकात की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फोन पर बातचीत करने और व्यापार, रक्षा, ऊर्जा, महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों तथा आपसी हित के अन्य क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की प्रगति की समीक्षा करने के बाद यह मुलाकात हुई है।

गोयल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘ भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते के तहत परस्पर लाभकारी अंतरिम समझौते को जल्द अंतिम रूप देने के लिए यूएसटीआर जैमीसन ग्रीर के साथ सार्थक चर्चा हुई।’’ वाणिज्य मंत्री ने कहा कि उन्होंने ग्रीर के साथ जी-20 के संबंध में भी विचारों का आदान-प्रदान किया। अमेरिका अभी जी-20 समूह की अध्यक्षता कर रहा है। भारत और अमेरिका ने फरवरी में द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) के पहले चरण के लिए रूपरेखा को अंतिम रूप देने की घोषणा की थी।

हालांकि, अमेरिका में शुल्क व्यवस्था में बदलाव के कारण समझौते को लेकर आगे की बातचीत करनी पड़ी है। गोयल ने 24 सितंबर को कहा था कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौता ‘‘तय हो चुका है’’ और इसे तब लागू किया जाएगा, जब अमेरिका अपने बाजार में भारत को उसके प्रतिस्पर्धियों के मुकाबले उचित प्रतिस्पर्धात्मक लाभ देगा। अमेरिकी बाजार में भारत के प्रतिस्पर्धियों में दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के क्षेत्रीय संगठन (आसियान) के सदस्य, चीन और बांग्लादेश शामिल हैं।

आसियान में इंडोनेशिया, मलेशिया, फिलीपीन, सिंगापुर, थाईलैंड, ब्रुनेई, वियतनाम, लाओस, म्यांमा, कंबोडिया और तिमोर-लेस्ते शामिल हैं।

All the updates here:

अन्य न्यूज़