Sensex 628 अंक उछला, Nifty में सात दिनों से जारी गिरावट पर लगा विराम

Sensex Rises
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

वैश्विक बाजारों के सकारात्मक संकेतों और बॉन्ड प्रतिफल में नरमी के चलते घरेलू शेयर बाजार में मजबूती दर्ज की गई। बीएसई का सेंसेक्स 628 अंक बढ़कर 77,537.72 पर बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी 153 अंक की बढ़त के साथ 24,231.85 के स्तर पर पहुंचा। सूचना प्रौद्योगिकी और वित्तीय कंपनियों के शेयरों में तेजी तथा विदेशी संस्थागत निवेशकों की खरीदारी से बाजार को समर्थन मिला।

घरेलू शेयर बाजार में बृहस्पतिवार को तेजी लौटी और बीएसई सेंसेक्स 628 अंक चढ़ गया, जबकि एनएसई निफ्टी सात दिन से जारी गिरावट से उबरते हुए 153 अंक के लाभ में रहा। वैश्विक बाजारों में तेजी और वैश्विक बॉन्ड प्रतिफल में नरमी से जोखिम लेने की धारणा मजबूत हुई। विदेशी संस्थागत निवेशकों के पूंजी प्रवाह से भी बाजार को समर्थन मिला।

बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 628.04 अंक यानी 0.82 प्रतिशत की बढ़त के साथ 77,537.72 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 701.43 अंक यानी 0.91 प्रतिशत बढ़कर 77,611.11 अंक तक पहुंच गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी सात दिन की गिरावट उबरते हुए 153.55 अंक यानी 0.64 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,231.85 अंक पर बंद हुआ।

इसे भी पढ़ें: Rupee 17 पैसे मजबूत होकर 95.56 प्रति US Dollar पर पहुंचा, सेंसेक्स 504 अंक उछला

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘अमेरिकी वित्त विभाग के वैश्विक बॉन्ड प्रतिफल में तेजी को नियंत्रित करने के कदम से बाजार को राहत मिली और घरेलू बाजार में एक सप्ताह से जारी गिरावट पर विराम लगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इस हस्तक्षेप से डॉलर की विनिमय दर में गिरावट आई। साथ ही रुपये में मजबूती और बॉन्ड प्रतिफल में नरमी से उभरते बाजारों में निवेश की आकर्षण क्षमता बढ़ी है।’’ नायर ने कहा कि तेजी चौतरफा रही। इसमें सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) और वित्तीय कंपनियों के शेयरों ने मुख्य रूप से बढ़त को आगे बढ़ाया।

इसे भी पढ़ें: Share Market Updates 19 August 2026 | कमज़ोर ग्लोबल संकेतों के बीच सेंसेक्स और निफ्टी सपाट खुले, IT शेयरों में तेज़ी

उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, कच्चे तेल की ऊंची कीमतें और अमेरिका-ईरान तनाव के कारण मुद्रास्फीति और कंपनियों के मुनाफे को लेकर चिंता बनी हुई है।’’ सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में इटर्नल, कोटक महिंद्रा बैंक, आईटीसी, बजाज फाइनेंस, एक्सिस बैंक और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयरों में सबसे अधिक तेजी रही। दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में टाटा स्टील, इंटरग्लोब एविएशन, एचसीएल टेक और टाइटन शामिल हैं। एचएसटी वेल्थ के संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) हरिसेल्वन राधाकृष्णन ने कहा, ‘‘वैश्विक बॉन्ड प्रतिफल में नरमी से निवेशकों में जोखिम उठाने की क्षमता बढ़ी और घरेलू शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह तेजी हाल के दिनों में बने सतर्क रुख में बदलाव को दर्शाती है और प्रमुख सूचकांक दिनभर अपनी शुरुआती बढ़त बनाए रखने में सफल रहे।’’ शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को भारतीय शेयर बाजार में 407.99 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ बंद हुए। यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर कारोबार में ज्यादातर गिरावट रही। वहीं अमेरिकी बाजार बुधवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।

इसे भी पढ़ें: Sensex में 166 अंकों की गिरावट, Nifty भी शुरुआती कारोबार में 59 अंक नीचे फिसला

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 2.67 प्रतिशत बढ़कर 93.91 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। इससे पहले बुधवार को सेंसेक्स 325.78 अंक टूटकर 76,909.68 अंक पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 76.60 अंक की गिरावट के साथ 24,078.30 अंक पर रहा था।

All the updates here:

अन्य न्यूज़