Tenneco India का गैर-वाहन क्षेत्रों में विस्तार का प्लान, अधिग्रहण के नए मौके तलाशेगी कंपनी

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

वाहन कलपुर्जे बनाने वाली प्रमुख कंपनी टेनेको क्लीन एयर इंडिया रेलवे, वैमानिकी और रक्षा जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में उतरने की तैयारी कर रही है। कंपनी के सीईओ अरविंद चंद्रा के मुताबिक उनकी ऑर्डर बुक बढ़कर 16,500 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। इसके अलावा कंपनी ऐसे उत्पादों पर जोर दे रही है जो पारंपरिक, हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक तीनों तरह के वाहनों में काम आ सकें।

नयी दिल्ली, नौ नवंबर वाहन कलपुर्जे बनाने वाली कंपनी टेनेको क्लीन एयर इंडिया अपने कारोबार का विस्तार वाहन क्षेत्र से आगे करने और उसमें विविधता लाने के लिए अधिग्रहण के अवसर तलाश रही है। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। कंपनी रेलवे, वैमानिकी और रक्षा सहित औद्योगिक क्षेत्रों में अवसरों पर विचार कर रही है।

इसके साथ ही वह ऐसे वाहन उत्पादों का दायरा भी बढ़ाना चाहती है, जो किसी एक प्रकार के पावरट्रेन पर निर्भर न हों और आंतरिक दहन इंजन (आईसीई), हाइब्रिड तथा इलेक्ट्रिक वाहन, तीनों में इस्तेमाल किए जा सकें। कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अरविंद चंद्रा ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘हम संबंधित क्षेत्रों में कारोबार के विस्तार के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में भी विविधीकरण के अवसर तलाश रहे हैं। अधिग्रहण और विलय (एमएंडए) के कई अवसरों पर हमारी नजर है और हम इसे लेकर काफी उत्साहित हैं।

टेनेको वाहन कलपुर्जे बनाने वाली कंपनी है। इसका कारोबार क्लीन एयर, पावरट्रेन समाधान और उन्नत राइड टेक्नोलॉजी से जुड़ा है। इसके उत्पादों में एग्जॉस्ट ऑफ्टर-ट्रीटमेंट सिस्टम, बेयरिंग, स्पार्क प्लग और सस्पेंशन प्रणाली शामिल हैं।

चंद्रा ने कहा, ‘‘हमारी आंतरिक रणनीति कारोबार को बढ़ाने की है। हम पावरट्रेन के मामले में किसी एक तकनीक तक सीमित नहीं रहना चाहते। चाहे आईसीई वाहन हों, इलेक्ट्रिक या हाइब्रिड वाहन, हमारे पास तीनों श्रेणियों के लिए उपयुक्त उत्पाद होने चाहिए।

चंद्रा ने बताया कि कंपनी की ऑर्डर बुक बढ़कर 16,500 करोड़ रुपये हो गई है, जो पिछली तिमाही में करीब 12,000 करोड़ रुपये थी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़