देहरादून में Anganwadi Workers के धरने में पहुंची Congress, मानदेय वृद्धि की मांग का किया समर्थन

देहरादून के गांधी पार्क में धरनारत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को कांग्रेस ने अपना समर्थन दिया है। पार्टी के सोशल मीडिया विभाग अध्यक्ष अभिनव थापर ने उनके प्रदर्शन में शामिल होकर मांगें पूरी करने की वकालत की। प्रदर्शनकारी महिलाएं दैनिक मानदेय में 140 रुपये की बढ़ोतरी और सेवानिवृत्ति पर 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की मांग कर रही हैं।
देहरादून, नौ नवंबर उत्तराखंड में अपने मानदेय में 140 रुपये प्रतिदिन की वृद्धि तथा सेवानिवृत्ति पर 10 लाख रुपए की आर्थिक सुरक्षा की मांगों को लेकर प्रदर्शनरत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सोमवार को कांग्रेस ने अपना समर्थन दिया। कांग्रेस का यह समर्थन ऐसे समय में आया है जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर घोषणा की है कि आगामी एक दिसंबर से आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का मानदेय बढ़ाया जाएगा। हालांकि मुख्यमंत्री ने मानदेय की वृद्धि के बारे में विस्तार से कुछ नहीं कहा।
प्रदेश कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग के अध्यक्ष अभिनव थापर ने यहां गांधी पार्क में उत्तराखंड आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सेविका और मिनी आंगनवाड़ी कर्मचारी संगठन की ओर से चल रहे धरने में शामिल होकर उनकी मांगों का समर्थन किया तथा उनके संघर्ष में साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। इस मौके पर थापर ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक है कि उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस जैसे महत्वपूर्ण मौके पर राज्य की महिलाओं को अपनी जायज मांगों के लिए गांधी पार्क में धरने पर बैठना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पुष्कर सिंह धामी सरकार अपने प्रचार-प्रसार पर तो हजारों करोड़ रुपये खर्च करने को तैयार है, लेकिन उसके पास उन महिलाओं की समस्याओं को सुनने का समय नहीं है, जो सालों से महिला एवं बाल विकास, पोषण और बच्चों का भविष्य संवारने जैसी अहम जिम्मेदारियां निभा रही हैं।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की मांग है कि राज्य सरकार उनके दैनिक मानदेय में 140 रुपये की बढ़ोतरी करे तथा केंद्र सरकार को 150 रुपए प्रतिदिन की अतिरिक्त वृद्धि का प्रस्ताव भेजे। उनकी दूसरी मांग बिना किसी अतिरिक्त अर्हता की शर्त के सेवानिवृत्ति पर दस लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने के संबंध में शासनादेश जारी किया जाए। उन्होंने यह भी मांग की कि जब तक यह आदेश जारी न हो, तब तक उनके खाते से प्रतिमाह 300 रुपए की प्रस्तावित कटौती न की जाए।
अन्य न्यूज़













