Upstox लाएगा 35-40 करोड़ डॉलर का IPO, निवेश बैंकों से शुरू की बातचीत

निवेश मंच अपस्टॉक्स ने अपने संभावित आरंभिक सार्वजनिक निर्गम के जरिए 35-40 करोड़ डॉलर जुटाने के लिए निवेश बैंकों से शुरुआती चर्चा शुरू की है। इस प्रस्तावित आईपीओ में नए शेयर जारी करने के साथ मौजूदा निवेशकों की ओर से बिक्री पेशकश शामिल हो सकती है। अपस्टॉक्स के केवाईसी पंजीकृत ग्राहकों की संख्या दो करोड़ के आंकड़े को पार कर चुकी है।
निवेश मंच अपस्टॉक्स ने संभावित आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए निवेश बैंकों के साथ शुरुआती बातचीत शुरू कर दी है। मामले से जुड़े सूत्रों ने यह जानकारी दी। कंपनी आईपीओ के जरिये 35-40 करोड़ डॉलर (करीब 3,351-3,829 करोड़ रुपये) जुटाने की योजना बना रही है।
सूत्रों ने बताया कि प्रस्तावित आईपीओ में नए शेयर के साथ मौजूदा निवेशकों की ओर से बिक्री पेशकश (ओएफएस) भी शामिल हो सकती है। अपस्टॉक्स ने छह दौर के वित्त पोषण के जरिये करीब 22 करोड़ डॉलर जुटाए। कंपनी 2021 में 3.5 अरब डॉलर के मूल्यांकन वाले निवेश दौर के बाद ‘यूनिकॉर्न’ (एक अरब डॉलर से अधिक मूल्यांकन वाले स्टार्टअप) बनी थी।
इस बीच, अपस्टॉक्स के केवाईसी पंजीकृत ग्राहकों की संख्या दो करोड़ को पार कर गई है। कंपनी का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में अपने उपयोगकर्ता आधार को बढ़ाकर 10 करोड़ करने का है। अपस्टॉक्स के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं सह-संस्थापक रवि कुमार ने बृहस्पतिवार को बयान में कहा, “बीकेसी के एक छोटे से कार्यालय में अपने पहले ग्राहक का स्वागत करने से लेकर आज दो करोड़ ग्राहकों तक पहुंचने तक हमने लंबा सफर तय किया है।” उन्होंने कहा कि कंपनी ग्राहकों को बेहतर वित्तीय निर्णय लेने में मदद करने और वित्तीय बाजारों तक पहुंच बढ़ाने के लिए प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल पर ध्यान केंद्रित कर रही है।
अन्य न्यूज़













