Tamil Nadu: मंदिर उत्सव में CM Vijay की प्रशंसा पर विवाद, सरकार ने स्पष्टीकरण मांगा

तिरुचेंदूर मुरुगन मंदिर में सूर संहारम कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री की स्तुति में भक्ति जयकारे लगाने पर तमिलनाडु में सियासी घमासान शुरू हो गया है। द्रमुक और भाजपा ने धार्मिक आयोजन के राजनीतिकरण पर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। इस पर हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्त मंत्री एस. रमेश ने सफाई देते हुए कहा कि सरकार ऐसे महिमामंडन का समर्थन नहीं करती और संबंधित गायकों से जवाब मांगा गया है।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की प्रशंसा में मंदिर उत्सव के दौरान भगवान मुरुगन से जुड़े ‘पवित्र जयघोष’ किए जाने को लेकर राजनीतिक विवाद गहराने के बीच मंत्री एस. रमेश ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि न तो मुख्यमंत्री तथा न ही राज्य सरकार इस तरह के व्यक्तिगत महिमामंडन को प्रोत्साहित करती है और न ही इसकी इच्छा रखती है। विवाद को शांत करने के प्रयास के तहत मंत्री ने कहा कि अधिकारियों ने इस घटना में शामिल गायकों से बातचीत की है और उनसे औपचारिक स्पष्टीकरण भी मांगा है। कलाकारों ने घटना पर खेद जताया है और सरकार को आश्वासन दिया है कि भविष्य में धार्मिक आयोजनों के दौरान वे अधिक सतर्कता बरतेंगे।
यह घटना रविवार को तिरुचेंदूर स्थित मुरुगन मंदिर परिसर में आयोजित एक आधिकारिक भक्ति संगीत एवं सीधा प्रसारण कार्यक्रम के दौरान हुई। उस समय ‘सूर संहारम’ का आयोजन किया जा रहा था। यह भगवान मुरुगन द्वारा असुर सूरपद्मन का वध किए जाने का पारंपरिक मंचन है, जो बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक माना जाता है।
उत्सव के दौरान पार्श्व गायक वेलमुरुगन ने मुख्यमंत्री और राज्य के हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्त विभाग (एचआर एंड सीई) के मंत्री रमेश की प्रशंसा में भगवान मुरुगन के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने के लिए इस्तेमाल होने वाले भक्तिपूर्ण जयकारे ‘अरोगरा’ का प्रयोग किया था। इसका वीडियो प्रसारित होने के बाद बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया और विपक्षी दलों ने इसकी कड़ी आलोचना की। मंगलवार को इस मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया।
आमतौर पर एक-दूसरे के विरोध में रहने वाले द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) की आलोचना के लिए एक साथ नजर आए। दोनों दलों ने धार्मिक आयोजन में राजनीतिक हस्तक्षेप और उसके राजनीतिकरण को लेकर टीवीके तथा संबंधित गायक की कड़ी आलोचना की। मुख्य विपक्षी दल द्रमुक ने इसकी निंदा करते हुए इसे ‘‘तमिलनाडु में अब तक की सबसे घटिया राजनीति’’ करार दिया।
पार्टी ने मुख्यमंत्री विजय से माफी मांगने और संबंधित मंत्री तथा आयुक्त के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। द्रमुक की पूर्व मंत्री पी. गीता जीवन ने इन जयघोष को ‘‘अहंकार की पराकाष्ठा’’ बताया और टीवीके सरकार पर भगवान मुरुगन के भक्तों की भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया। भाजपा की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्त विभाग की न्यासी चयन समिति में गायक वेलमुरुगन की नियुक्ति पर सवाल उठाया।
उन्होंने गायक पर आध्यात्मिक समझ की कमी का आरोप लगाते हुए उनसे तत्काल सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। इस विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री रमेश ने यहां संवाददाताओं से कहा कि सरकार मंदिरों के आधिकारिक आयोजनों में नियमित रूप से अलग-अलग कलाकारों को बारी-बारी से प्रस्तुति देने का अवसर देती है। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए मौजूदा निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि कलाकारों से प्राप्त स्पष्टीकरण के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
अन्य न्यूज़













