USTR ने धारा 301 के तहत भारतीय उत्पादों पर 17 प्रतिशत Tariff लगाने का रखा प्रस्ताव

USTR ने धारा 301 के तहत भारतीय उत्पादों पर 17 प्रतिशत Tariff लगाने का रखा प्रस्ताव
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि ने अतिरिक्त उत्पादन क्षमता की जांच के आधार पर भारतीय वस्तुओं पर नए शुल्क का प्रस्ताव दिया है। द्विपक्षीय व्यापार समझौते को अंतिम रूप दिए जाने की स्थिति में यह 17 प्रतिशत शुल्क लागू होगा। यदि दोनों देशों के बीच समझौता नहीं हुआ, तो यह दर बढ़कर 25 प्रतिशत तक पहुंच सकती है।

बदलते वैश्विक घटनाक्रमों के बीच अप्रैल 2025 से भारत और अमेरिका के व्यापारिक संबंधों में शुल्क को लेकर कई उतार-चढ़ाव आए हैं। ताजा घटनाक्रम में अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (यूएसटीआर) ने धारा 301 के तहत अतिरिक्त उत्पादन क्षमता की जांच के तहत नए शुल्क लगाने का प्रस्ताव दिया है। दो अप्रैल, 2025... अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस दिन को ‘मुक्ति दिवस’ घोषित करते हुए कई देशों पर व्यापक शुल्क (अतिरिक्त आयात शुल्क) लगाने की घोषणा की। भारत के मामले में यह शुल्क 26 प्रतिशत था, जिसमें 10 प्रतिशत मूल शुल्क और 16 प्रतिशत जवाबी शुल्क शामिल था। इस तारीख से पहले केवल एमएफएन (सर्वाधिक तरजीही राष्ट्र) शुल्क लागू थे। ये विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) के सभी सदस्य देशों से आने वाले सामान पर लगाए जाने वाले सामान्य आयात शुल्क हैं। नौ अप्रैल...अमेरिका ने भारतीय वस्तुओं पर 16 प्रतिशत जवाबी शुल्क को 90 दिनों के लिए (नौ जुलाई, 2025 तक) स्थगित कर दिया। हालांकि, 10 प्रतिशत मूल शुल्क लागू रहा। 31 जुलाई...अमेरिका ने सात अगस्त, 2025 को भारतीय समयानुसार सुबह नौ बजकर 30 मिनट से लागू होने वाले 25 प्रतिशत शुल्क की घोषणा की। छह अगस्त...रूस से तेल खरीद जारी रखने के लिए भारत पर दंड के तौर पर अमेरिका ने भारतीय वस्तुओं पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क लगाने की घोषणा की। इस आदेश के बाद कुछ वस्तुओं को मिली छूट को छोड़कर भारतीय सामान पर कुल शुल्क बढ़कर 50 प्रतिशत हो गया। दो फरवरी, 2026...भारत और अमेरिका व्यापार समझौते पर सहमत हुए। इसके तहत अमेरिका भारतीय वस्तुओं पर जवाबी शुल्क को मौजूदा 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने के लिए तैयार हुआ। हालांकि, 18 प्रतिशत शुल्क कभी लागू नहीं हुआ। छह फरवरी...भारत और अमेरिका ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि वे द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण के लिए एक रूपरेखा पर सहमत हो गए हैं। सात फरवरी...अमेरिका ने रूस से तेल खरीदने के कारण भारतीय वस्तुओं पर लगाया गया 25 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क वापस ले लिया। 20 फरवरी...अमेरिका के उच्चतम न्यायालय ने जवाबी शुल्क व्यवस्था को रद्द कर दिया। उस दिन से भारतीय वस्तुओं पर फिर से केवल एमएफएन शुल्क लागू हो गए। 24 फरवरी...अमेरिका ने 10 प्रतिशत की नयी वैश्विक शुल्क व्यवस्था लागू की, जिसमें भारत भी शामिल था। इसके तहत भारतीय वस्तुओं पर 10 प्रतिशत शुल्क के साथ केवल एमएफएन शुल्क लागू था। यह शुल्क व्यवस्था केवल 150 दिनों के लिए लागू की गई थी। 24 जुलाई...वैश्विक शुल्क की अवधि समाप्त हो गई। इसी समय अमेरिका ने ‘बंधुआ मजदूरी’ से जुड़ी चिंताओं का हवाला देते हुए धारा 301 के तहत भारत पर 10 प्रतिशत शुल्क लगा दिया। 18 सितंबर...अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस और ईरान पर प्रतिबंध लगाने संबंधी कानून पर हस्ताक्षर किए। यह कानून उन्हें रूस से तेल एवं गैस खरीदने वाले चीन और भारत समेत अन्य देशों पर 100 प्रतिशत तक शुल्क लगाने का अधिकार देता है। 17 अक्टूबर...ट्रंप ने अमेरिका के राष्ट्रीय हित का हवाला देते हुए इन शुल्कों से छूट दे दी। 25 नवंबर...अतिरिक्त उत्पादन क्षमता की जांच के लिए धारा 301 के तहत अमेरिका ने भारतीय वस्तुओं पर 17 प्रतिशत शुल्क लगाने का प्रस्ताव दिया। यह शुल्क व्यापार समझौते को अंतिम रूप दिए जाने की स्थिति में लागू होगा। समझौता नहीं होने पर यह बढ़कर 25 प्रतिशत हो सकता है।

मौजूदा स्थिति - कुछ वस्तुओं को छूट देते हुए भारतीय निर्यात पर धारा 301 (बंधुआ मजदूरी) के तहत 10 प्रतिशत शुल्क लागू है। - इसके अलावा कुछ विशेष क्षेत्रों पर शुल्क लागू हैं। इस्पात और एल्युमिनियम पर 50 प्रतिशत तथा वाहन कलपुर्जों पर 25 प्रतिशत शुल्क है। स्मार्टफोन, दवाओं और ऊर्जा उत्पादों को इससे छूट दी गई है। - अतिरिक्त या जवाबी शुल्क: उदाहरण के लिए, अगर भारत से अमेरिका भेजी जाने वाली किसी शर्ट पर पांच प्रतिशत एमएफएन शुल्क लगता है, तो फिलहाल उस पर कुल शुल्क पांच प्रतिशत एमएफएन शुल्क और धारा 301 की जांच के तहत लगाए गए 10 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क को मिलाकर 15 प्रतिशत होगा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़