व्हाट्सऐप ने शुरू की वेब-आधारित कॉलिंग सुविधा, बिना ऐप डाउनलोड किए ब्राउजर से कर सकेंगे कॉल

व्हाट्सऐप ने शुरू की वेब-आधारित कॉलिंग सुविधा, बिना ऐप डाउनलोड किए ब्राउजर से कर सकेंगे कॉल
प्रतिरूप फोटो

व्हाट्सऐप ने एक नई वेब-आधारित कॉलिंग सुविधा शुरू करने की घोषणा की है, जिससे उपयोगकर्ता बिना किसी डेस्कटॉप ऐप को डाउनलोड किए सीधे ब्राउज़र से कॉल कर सकेंगे। इसके साथ ही कंपनी ने बिना कॉल काटे एक उपकरण से दूसरे पर कॉल स्थानांतरित करने की सुविधा भी दी है। सुरक्षा के लिए वेटिंग रूम और बेहतर कॉल गुणवत्ता के लिए दो नए तकनीकी अपग्रेड किए गए हैं।

नयी दिल्ली, 28 जुलाई मेटा के स्वामित्व वाले त्वरित संदेश सेवा मंच व्हाट्सऐप ने मंगलवार को एक नई वेब-आधारित कॉलिंग सुविधा शुरू करने की घोषणा की। इसके जरिये उपयोगकर्ता किसी डेस्कटॉप एप्लिकेशन को डाउनलोड किए बगैर सीधे अपने ब्राउजर से ही ऑडियो एवं वीडियो कॉल कर सकेंगे। कंपनी ने एक ब्लॉग पोस्ट में कहा कि यह सुविधा एक से दूसरे उपकरण पर जाने का अनुभव बेहतर बनाने के लिए लाए गए कई नए अपडेट का हिस्सा है।

व्हाट्सऐप के वेब कॉलिंग फीचर में अब सामान्य और समूह कॉल दोनों का समर्थन मिलेगा। इसके साथ ही उपयोगकर्ता स्क्रीन साझा करने, प्रतिक्रिया देने और कॉल हिस्ट्री एवं पसंदीदा संपर्कों के लिए एक अलग कॉल टैब जैसी सुविधाओं का भी उपयोग कर सकेंगे। कंपनी ने कहा, “चाहे आप साझा कंप्यूटर पर पढ़ाई कर रहे छात्र हों, ऐसे कार्यस्थल लैपटॉप का उपयोग कर रहे हों जहां ऐप डाउनलोड की अनुमति नहीं है, या सिर्फ ब्राउजर का उपयोग करना पसंद करते हों, अब आप बिना ब्राउजर छोड़े आसानी से कॉल कर सकते हैं।” व्हाट्सऐप ने इसके साथ ‘कॉल स्थानांतरण’ सुविधा भी पेश की है।

इसकी मदद से उपयोगकर्ता एक मौजूदा समूह कॉल को एक उपकरण से दूसरे उपकरण पर कॉल को काटे बगैर सहज रूप से स्थानांतरित कर सकेंगे। समूह कॉल की सुरक्षा और प्रबंधन को मजबूत करने के लिए व्हाट्सऐप ने ‘वेटिंग रूम’ फीचर भी पेश किया है। इसमें प्रतिभागियों को एक आभासी प्रतीक्षा कक्ष में रखा जाएगा, जहां से मेजबान अनुमति मिलने पर कॉल में शामिल करेगा।

इसके अलावा कॉल की गुणवत्ता सुधारने के लिए दो तकनीकी अपग्रेड भी किए गए हैं। ‘क्विकएचडी’ फीचर में कॉल शुरू होते ही उच्च गुणवत्ता वाला वीडियो प्रदान करता है। वहीं, ‘नॉइज सप्रेशन’ फीचर बैकग्राउंड शोर को कम कर ऑडियो को अधिक स्पष्ट बनाता है।

व्हाट्सऐप ने कहा कि ये सभी नई सुविधाएं चरणबद्ध तरीके से उपयोगकर्ताओं तक पहुंचाई जा रही हैं।

All the updates here:

अन्य न्यूज़