एससी आरक्षण की मांग पर UP के मंत्री Sanjay Nishad ने राष्ट्रीय राजमार्ग जाम किया

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने मछुआरा समुदाय को एससी आरक्षण दिलाने के लिए गोरखपुर-सोनौली हाईवे पर धरना दिया। इस प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर करीब दो घंटे तक वाहनों की आवाजाही ठप रही। बाद में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी से वार्ता के पश्चात उन्होंने अपना धरना खत्म कर दिया।

उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने मछुआरा समुदाय को अनुसूचित जाति (एससी) का आरक्षण देने की मांग को लेकर बुधवार शाम गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग पर अपने समर्थकों के साथ धरना दिया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने सड़क के दोनों मार्गों पर आवागमन बाधित कर दिया जिससे करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। निषाद ने शाम करीब साढ़े चार बजे धरना शुरू किया और कहा कि जब तक सरकार मछुआरा समुदाय को एससी आरक्षण देने की मांग पूरी नहीं करती तब तक वह धरना खत्म नहीं करेंगे।

इससे पहले, फरेंदा तहसील क्षेत्र के उदितपुर गांव स्थित अभिनव विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में मछुआरा समुदाय के संवैधानिक अधिकारों को लेकर सम्मेलन और मार्च आयोजित किया गया, जिसमें समुदाय के संवैधानिक अधिकारों, सामाजिक न्याय, राजनीतिक प्रतिनिधित्व और आरक्षण की मांग प्रमुखता से उठाई गई। सम्मेलन को संबोधित करते हुए निषाद ने कहा कि मछुआरा समुदाय लंबे समय से अपने संवैधानिक अधिकारों और आरक्षण के लिए संघर्ष कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि समुदाय एससी आरक्षण का हकदार है और उसके अधिकारों की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।

सम्मेलन के बाद निषाद अपने समर्थकों के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग पहुंचे और धरने पर बैठ गए। बाद में, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी से बातचीत के बाद निषाद ने समर्थकों के साथ धरना समाप्त करने का निर्णय लिया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़