Australia को T20 World Cup 2026 से पहले तगड़ा झटका, पैट कमिंस हुए बाहर।

ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज पैट कमिंस पीठ की चोट से उबरने में लगे अतिरिक्त समय के कारण टी20 वर्ल्ड कप 2026 टीम से बाहर हो गए हैं। चयन की समय-सीमा तक पूरी तरह फिट न हो पाना उनके टीम में शामिल न होने की मुख्य वजह बनी, हालांकि वह अब आईपीएल और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप पर ध्यान केंद्रित करेंगे।
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर पैट कमिंस को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए घोषित 15 सदस्यीय टीम में जगह नहीं मिल पाई है। बता दें कि 7 फरवरी से शुरू हो रहे टूर्नामेंट से पहले कमिंस की पीठ की पुरानी परेशानी फिर चर्चा में आ गई है।
गौरतलब है कि कमिंस ने खुद स्वीकार किया है कि रिकवरी के दौरान एक छोटा सा सेटबैक उनके चयन में बाधा बन गया। उन्होंने ऑस्ट्रेलियन एसोसिएटेड प्रेस से बातचीत में कहा कि वह खुद को काफी बेहतर महसूस कर रहे थे, लेकिन समय की कमी आड़े आ गई है। मौजूद जानकारी के अनुसार, एडिलेड टेस्ट के बाद मेडिकल टीम ने अनुमान लगाया था कि पूरी तरह फिट होने में चार से आठ हफ्तों का वक्त लग सकता है।
शुरुआत में उम्मीद थी कि चार हफ्ते में ही स्थिति संभल जाएगी, लेकिन फॉलो-अप स्कैन के बाद डॉक्टरों ने रिकवरी अवधि को थोड़ा और बढ़ाने की सलाह दी। इसी वजह से चयन की समय-सीमा बहुत टाइट हो गई और कमिंस को टीम से बाहर रहना पड़ा है।
कमिंस ने साफ किया है कि फिलहाल वह कुछ हफ्ते आराम करेंगे और फिर आगे की योजना बनाएंगे। उनकी नजर इंडियन प्रीमियर लीग पर भी है, जहां वह मार्च के अंत में शुरू होने वाले सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलने की उम्मीद कर रहे हैं। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि उनकी प्राथमिकता साल के दूसरे हिस्से में होने वाले आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप मुकाबले हैं।
गौरतलब है कि ऑस्ट्रेलिया को इस साल काफी व्यस्त टेस्ट कैलेंडर का सामना करना है। अक्टूबर से पहले बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू दो टेस्ट और दक्षिण अफ्रीका दौरे पर तीन टेस्ट खेले जाने हैं। इसके बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ चार और भारत के खिलाफ पांच टेस्ट मैच मौजूदा चक्र के खत्म होने से पहले निर्धारित हैं।
कमिंस का मानना है कि साल के पहले हिस्से में सतर्क रहना सही फैसला है। उनका कहना है कि अगर अभी लापरवाही की गई तो चोट दोबारा उभर सकती है और पूरे सीजन पर असर पड़ सकता है। इसलिए अभी सही इलाज और रिकवरी पर ध्यान देना जरूरी है।
हालांकि हाल ही में पाकिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज़ में हार और कुछ खिलाड़ियों की चोटों के बावजूद ऑस्ट्रेलिया को टी20 वर्ल्ड कप का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। टीम ग्रुप बी में आयरलैंड, जिम्बाब्वे, ओमान और सह-मेजबान श्रीलंका के खिलाफ मुकाबले खेलेगी।
कमिंस का भी मानना है कि पाकिस्तान में मिली हार टीम की असली ताकत को नहीं दर्शाती है। उन्होंने कहा कि कई खिलाड़ी बिग बैश लीग में शानदार फॉर्म में रहे हैं और कुछ अहम नाम चोट से उबरकर लौट रहे हैं। टीम का मनोबल अच्छा है और खिलाड़ी बड़े मंच पर उतरने के लिए उत्साहित हैं।
अन्य न्यूज़












