IPL: टीम संतुलन के लिए Kuldeep Yadav को छोड़ Rishabh Pant को चुना, बोले सौरव गांगुली

Sourav Ganguly
ANI

दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य कोच सौरव गांगुली ने कहा कि टीम संतुलन और भारतीय बल्लेबाज की जरूरत के कारण कुलदीप यादव की जगह ऋषभ पंत को चुनना बहुत मुश्किल फैसला था। इसके अलावा उन्होंने आगामी नीलामी की रणनीति पर बात की और आईपीएल में मुख्य कोच के रूप में अपनी नई भूमिका को लेकर उत्साह जताया।

 दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य कोच सौरव गांगुली ने कहा कि कुलदीप यादव को बाहर करके उनकी जगह ऋषभ पंत को टीम में शामिल करना ‘बहुत मुश्किल’ फैसला था, लेकिन टीम को ‘संतुलन’ बनाने के लिए एक भारतीय बल्लेबाज की जरूरत थी। गांगुली ने जियोस्टार से कहा, ‘‘यह मुश्किल सौदा था क्योंकि कुलदीप एक बहुत ही खास क्रिकेटर हैं। वह लंबे समय तक दिल्ली कैपिटल्स से जुड़े हुए थे लेकिन 10 टीमों के आईपीएल में संतुलन बनाना बेहद महत्वपूर्ण होता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम एक बल्लेबाज की तलाश में थे। 

हमें ऋषभ पंत के रूप में घरेलू बल्लेबाज मिला, जिन्होंने दिल्ली के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है। मेरी नजर में वह बेहतरीन क्रिकेटर हैं। लेकिन कुलदीप को बाहर करना बहुत मुश्किल फैसला था। अक्षर (पटेल) और आशुतोष को बाहर नहीं किया जा सकता था। वे हमारी टीम के महत्वपूर्ण अंग हैं।’’ दिल्ली की टीम में इस बार स्टार तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क नहीं होंगे, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया की अपनी राष्ट्रीय टीम से खेलने को प्राथमिकता दी है और इस कारण फ्रेंचाइजी ने उन्हें बाहर कर दिया। 

गांगुली ने कहा, ‘‘खिलाड़ियों को छोड़ने और उन्हें बरकरार रखने के पीछे की सटीक सोच प्रक्रिया का पता लगाना बहुत मुश्किल है। यह स्पष्ट रूप से प्रदर्शन, फ्रेंचाइजी किसे महत्व देती है और फ्रेंचाइजी के अनुसार आईपीएल में मैच जीतने के लिए कौन सा खिलाड़ी काफी अच्छा है, इन सब बातों पर निर्भर करता है। साथ ही यह नीलामी में शामिल खिलाड़ियों पर भी निर्भर करता है।’’ उन्होंने अगले महीने होने वाली नीलामी के बारे में कहा, ‘‘यह छोटी नीलामी है, इसलिए फ्रेंचाइजी पिछले दो वर्षों के प्रदर्शन और अगले तीन वर्षों की अपनी जरूरतों को ध्यान में रखेगी। ऐसे में यह तय करने का कोई निश्चित नियम नहीं है कि यह सही है या वह गलत। 

यह भरोसे से जुड़ी बात है।’’ आईपीएल में मुख्य कोच के रूप में अपने पहले कार्यकाल को लेकर गांगुली ने कहा कि वह उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, ‘‘आईपीएल में मुख्य कोच के तौर पर यह मेरा पहला अनुभव है। मैंने पिछले साल प्रिटोरिया कैपिटल्स के लिए यह भूमिका निभाई थी, लेकिन मैं बहुत उत्साहित हूं। आईपीएल बिल्कुल अलग चुनौती है।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़