टी20 वर्ल्ड कप: टीम इंडिया के मेंटरशिप के लिए धोनी नहीं लेंगे एक भी पैसा, BCCI ने जताया आभार

Dhoni
अंकित सिंह । Oct 12 2021 6:24PM

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को टी20 विश्व कप के लिये चुनी गयी भारत की 15 सदस्यीय टीम का मार्गदर्शक (मेंटोर) नियुक्त करके सभी को हैरान कर दिया था।

आईपीएल के ठीक बाद टी-20 विश्वकप की शुरुआत होने वाली है। भारतीय टीम पहले ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के खिलाफ 2 प्रैक्टिस मैच खेलेगी। भारतीय टीम के अभियान की शुरुआत 24 अक्टूबर को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मैच के साथ शुरू होगी। भारत ने इसके लिए अपने 15 सदस्य टीम का भी ऐलान कर दिया था। टीम के ऐलान के साथ ही पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को टी-20 विश्वकप के लिए मार्गदर्शक नियुक्त किया गया था। इसी से जुड़ी एक बड़ी खबर आ रही है। दरअसल, भारतीय टीम के मेंटरशिप के लिए धोनी एक भी पैसा नहीं लेंगे।

जय शाह ने जताया आभार

बीसीसीआई सचिव जय शाह ने बताया कि एमएस धोनी टी 20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम के मेंटर के रूप में अपनी सेवाओं के लिए कोई मानदेय नहीं ले रहे हैं। इसके साथ ही बीसीसीआई की ओर से जय शाह ने महेंद्र सिंह धोनी का आभार जताया है। आपको बता दें कि धोनी ने पिछले साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। उन्होंने अपना आखिरी मैच 2019 विश्व कप का सेमीफाइनल खेला था जिसमें टीम इंडिया न्यूजीलैंड से हार गई थी। 

इसे भी पढ़ें: टी-20 वर्ल्ड कप में विराट-राहुल नहीं बल्कि यह खिलाड़ी करेगा रोहित के साथ ओपनिंग !

बीसीसीआई ने बनाया था मार्गदर्शक 

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को टी20 विश्व कप के लिये चुनी गयी भारत की 15 सदस्यीय टीम का मार्गदर्शक (मेंटोर) नियुक्त करके सभी को हैरान कर दिया था। बीसीसीआई सचिव जय शाह ने संयुक्त अरब अमीरात और ओमान में 17 अक्टूबर से शुरू होने वाले टी20 विश्व कप के लिये टीम की घोषणा करने के लिये प्रेस कांफ्रेंस में कहा था कि पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी टी20 विश्व कप के लिये टीम के मेंटोर (मार्गदर्शक) होंगे। उन्होंने कहा था कि मैंने उनसे दुबई में बात की थी। उन्होंने केवल विश्व कप टी20 के लिये मेंटोर बनने पर सहमति दी थी और मैंने अपने सभी साथियों से इस संबंध में चर्चा की और सभी इस पर सहमत हैं। मैंने कप्तान (विराट कोहली) और उप कप्तान (रोहित शर्मा) से बात की और सभी सहमत हैं।

For more updates and in-depth coverage on cricket, visit Cricket News in Hindi at Prabhasakshi.

All the updates here:

अन्य न्यूज़