IPL 2027 से पहले बड़ा ट्रेड, हार्दिक पंड्या पंजाब किंग्स में शामिल, अर्शदीप सिंह बने मुंबई इंडियंस का हिस्सा

Hardik Pandya
INSTAGRAM
एकता । Nov 11 2026 3:27PM

आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच बड़ा ट्रेड हुआ है। इसके तहत हार्दिक पंड्या 18 करोड़ रुपये में पंजाब किंग्स से जुड़े हैं, जहां वह श्रेयस अय्यर की कप्तानी में खेलेंगे। वहीं, स्टार तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह 18 करोड़ रुपये की फीस पर मुंबई इंडियंस में शामिल हो गए हैं।

आईपीएल 2027 के ऑक्शन से पहले क्रिकेट जगत में एक बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच दो बड़े भारतीय स्टार खिलाड़ियों की सीधी अदला-बदली हो गई है। मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या अब पंजाब किंग्स की जर्सी में नजर आएंगे, जबकि टी20 स्पेशलिस्ट तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस का नया हथियार बन गए हैं। दोनों टीमों के बीच यह ट्रेड प्रोसेस पूरी तरह फाइनल हो चुका है।

पंजाब किंग्स से जुड़ते ही हार्दिक की पहली पोस्ट

ट्रेड फाइनल होने के बाद हार्दिक पंड्या ने सोशल मीडिया पर पंजाब किंग्स के रंगों में अपनी पहली तस्वीर शेयर की। उन्होंने फैंस को "सत श्री अकाल, पंजाब" कहते हुए लिखा, "माई कैप्टन श्रेयस, माई कोच रिकी, माई टीम और पूरा पंजाब... मैं आपके साथ खड़ा हूं।"

इस पोस्ट के साथ ही हार्दिक ने साफ कर दिया कि वह पंजाब किंग्स में कप्तान श्रेयस अय्यर और हेड कोच रिकी पोंटिंग के साथ बतौर खिलाड़ी मैदान में उतरेंगे।

इसे भी पढ़ें: Team India के स्टार बल्लेबाज Sanju Samson ने 11 साल के संघर्ष के बाद बनाई खास पहचान

मुंबई इंडियंस के साथ खत्म हुआ हार्दिक का दूसरा सफर

हार्दिक पंड्या ने अपने आईपीएल सफर की शुरुआत साल 2015 में मुंबई इंडियंस के साथ ही की थी। वह 2015, 2017, 2019 और 2020 में आईपीएल ट्रॉफी जीतने वाली मुंबई टीम के अहम सदस्य रहे। साल 2022 में वह गुजरात टाइटन्स चले गए, जहां कप्तान बनते ही उन्होंने पहले ही सीजन में टीम को चैंपियन बनाया और 2023 में रनर-अप रहे।

साल 2024 में उनकी मुंबई इंडियंस में वापसी हुई और उन्हें टीम का कप्तान बनाया गया। अब एक बार फिर हार्दिक ने नई राह पकड़ी है। अपने आईपीएल करियर में हार्दिक ने 162 मैचों में 146.28 की स्ट्राइक रेट से 2955 रन बनाए हैं और 82 विकेट भी चटकाए हैं।

इसे भी पढ़ें: IPL जनवरी में कराने की मांग, Lalit Modi के सुझाव के समर्थन में उतरीं Juhi Chawla

8 साल बाद पंजाब छोड़ मुंबई आए अर्शदीप सिंह

दूसरी तरफ, टीम इंडिया के भरोसेमंद तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह 8 सीजन तक पंजाब किंग्स के साथ रहने के बाद अब मुंबई इंडियंस के बॉलिंग अटैक की अगुवाई करेंगे। अर्शदीप ने 2019 में पंजाब के लिए आईपीएल डेब्यू किया था और वह 96 मैचों में 111 विकेट लेकर फ्रेंचाइजी के सबसे सफल गेंदबाज हैं।

अर्शदीप ने आईपीएल 2025 में 21 विकेट और आईपीएल 2026 में 14 विकेट निकाले थे। नई गेंद से शुरुआती स्विंग और डेथ ओवरों में घातक यॉर्कर फेंकने की उनकी कला मुंबई इंडियंस के गेंदबाजी आक्रमण को काफी मजबूत बनाएगी।

ट्रेड डील और फीस का गणित

इस बड़े प्लेयर ट्रेड में आर्थिक पहलू भी काफी अहम रहा। पंजाब किंग्स हार्दिक पंड्या को 18 करोड़ रुपये देगी (उनकी पिछली फीस 16.35 करोड़ रुपये थी)। अर्शदीप अपनी मौजूदा 18 करोड़ रुपये की फीस पर ही मुंबई इंडियंस का हिस्सा बनेंगे।

All the updates here:

अन्य न्यूज़