MLC 2023 Final: टी20 में चला Nicolas Puran का बल्ला, 13 छक्कों और 10 चौकों की मदद से खेली शतकीय पारी, MI Newyork को जिताया खिताब

Nicholas Pooran MI Newyork
Twitter @PocketDynamoo
रितिका कमठान । Jul 31 2023 3:01PM

मुंबई इंडियंस न्यूयॉर्क ने डलास में सिएटल ऑर्कास के खिलाफ ऐतिहासिक खिताब जीता। निकोलस पूरन के आक्रामक शतक की मदद से मुंबई इंडियंस न्यूयॉर्क ने टैक्सास के डलास में सिएटल ओर्कास को सात विकेट से हरा दिया है और ट्रॉफी जीती है।

मेजर लीग क्रिकेट का उद्घाटन संस्करण रविवार को हुआ, जिसमें मुंबई इंडियंस न्यूयॉर्क ने डलास में सिएटल ऑर्कास के खिलाफ ऐतिहासिक खिताब जीता। निकोलस पूरन के आक्रामक शतक की मदद से मुंबई इंडियंस न्यूयॉर्क ने टैक्सास के डलास में सिएटल ओर्कास को सात विकेट से मात दी है। इसी के साथ मुंबई इंडियंस न्यूयॉर्क खिताब जीतने वाली पहली टीम बन गई है। इसी के साथ मुंबई इंडियंस ने एक और ट्रॉफी अपनी झोली में डाल ली है।

ग्रैंड प्रेयरी स्टेडियम पर रविवार को खेले गए फाइनल में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सिएटल ओर्कास ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 183 रन बनाए। ओर्कास ने क्विंटन डी कॉक के 87 रनों की मदद से 184 रनों का लक्ष्य मुंबई इंडियंस न्यूयॉर्क को दिया। इसके जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस न्यूयॉर्क ने 16 ओवर में तीन विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर ट्रॉफी पर भी कब्जा किया। मुंबई की जीत के हीरो रहे कप्तान निकोलस पूरन, जिन्होंने 55 गेंद में 137 रन बनाये जिसमें 10 चौके और 13 छक्के शामिल थे। उन्होंने फाइनल मैच में धमाकेदार पारी खेली, जिसकी बदौलत टीम को आसानी से जीत मिली।

मैच का सबसे यादगार पल एमआई के 16वें ओवर के दौरान आया जब वेस्टइंडीज के विकेटकीपर ने हरमीत सिंह को 24 रन पर आउट कर दिया। उस ओवर में एक चौका और छक्कों की शानदार हैट्रिक शामिल थी। बता दें कि एमआई कप्तान 388 रन के साथ एमएलसी 2023 में सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी भी बन गए। उनकी 137* रन की पारी टूर्नामेंट में किसी भी बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर भी था।

वहीं सिएटल टीम के लिये क्विंटोन डिकॉक ने 52 गेंद में 87 रन की पारी खेली। मुंबई के लिये तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट और स्पिनर राशिद खान ने तीन तीन विकेट चटकाये। मुंबई टीम ने एलिमिनेटर में वॉशिंगटन फ्रीडम को और चैलेंजर में टैक्सास सुपर किंग्स को हराया था। आईपीएल की मुंबई इंडियंस के अलावा मुंबई टीम तीन महाद्वीपों, चार देशों और पांच अलग अलग लीग में खेलती है। मुंबई इंडियंस की जीत पर टीम की मालिक नीता अंबानी ने कहा ,‘‘ मेजर क्रिकेट लीग इस क्षेत्र में क्रिकेट के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। मुंबई इंडियंस संयुक्त अरब अमीरात से अमेरिका और दक्षिण अफ्रीका तक पहुंच गई है और मुझे गर्व है कि हमारे पास एक महिला टीम भी है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़