100 करोड़ की धोखाधड़ी मामले में Anbil Mahesh और पूर्व विधायक 30 घंटे की पुलिस हिरासत में

100 करोड़ की धोखाधड़ी मामले में Anbil Mahesh और पूर्व विधायक 30 घंटे की पुलिस हिरासत में
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

चेन्नई पुलिस की केंद्रीय अपराध शाखा ने निजी स्कूलों से 100 करोड़ रुपये से अधिक की कथित धोखाधड़ी के मामले में पूर्व शिक्षा मंत्री अनबिल महेश पोय्यामोझी और पूर्व विधायक मुथुकुमार को हिरासत में लिया। विशेष अदालत ने दोनों आरोपियों और उनके कार चालक को 26 नवंबर शाम तक पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर भेजा है। अभियोजन पक्ष की अतिरिक्त हिरासत की अर्जी को अदालत ने खारिज कर दिया।

चेन्नई पुलिस की केंद्रीय अपराध शाखा (सीसीबी) ने निजी स्कूल के प्रबंधन से कथित तौर पर 100 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में तमिलनाडु के पूर्व स्कूल शिक्षा मंत्री एवं द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) नेता अनबिल महेश पोय्यामोझी, पूर्व विधायक मुथुकुमार और उनके कार चालक को बुधवार को आगे की पूछताछ के लिए 30 घंटे की पुलिस हिरासत में लिया। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के मामलों की विशेष अदालत के न्यायाधीश एल एस सत्यामूर्ति ने पोय्यामोझी, मुथुकुमार और सरवनन को 25 नवंबर पूर्वाह्न 11 बजे से 26 नवंबर शाम पांच बजे तक पुलिस हिरासत में देने का आदेश दिया। न्यायाधीश ने सरकारी अधिकारियों की कथित संलिप्तता के संबंध में तीनों से संयुक्त रूप से पूछताछ के लिए अभियोजन पक्ष की दो दिन की अतिरिक्त हिरासत की मांग खारिज कर दी।

उन्होंने सरवनन की न्यायिक हिरासत भी नौ दिसंबर तक बढ़ा दी, जो बुधवार को समाप्त हो रही थी। अदालत के आदेश के बाद तीनों आरोपियों को पूछताछ के लिए दोपहर 12 बजकर 25 मिनट पर केंद्रीय अपराध शाखा के कार्यालय लाया गया। सीसीबी की आर्थिक अपराध शाखा-तीन (ईओडी-तीन) ने यह मामला दर्ज किया है।

इसमें आरोप लगाया गया है कि पिछले साल निजी स्कूलों के प्रबंधन से 100 करोड़ रुपये से अधिक की रकम वसूली गई थी। आरोप है कि यह रकम स्थायी मान्यता, स्कूलों का दर्जा बढ़ाने और नगर एवं ग्राम नियोजन निदेशालय (डीटीसीपी) से मंजूरी सहित सरकारी स्वीकृतियां दिलाने के वादे पर ली गई थी। पोय्यामोझी की जमानत याचिका मद्रास उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति वी लक्ष्मीनारायणन की अदालत में 27 नवंबर को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़