PSL से पहले Pakistani क्रिकेटर Imad Wasim पर 'हत्या' का आरोप, पूर्व पत्नी ने सबूतों के साथ खोले राज

Imad Wasim
प्रतिरूप फोटो
social media
Ankit Jaiswal । Feb 19 2026 1:16PM

सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश के जरिए क्रिकेटर इमाद वसीम की पूर्व पत्नी सानिया अशफाक ने उन पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसमें जबरन गर्भपात और गर्भावस्था के दौरान धमकी देना शामिल है। उन्होंने अपने दावों के समर्थन में व्हाट्सएप स्क्रीनशॉट साझा किए हैं और न्याय की गुहार लगाई है।

पाकिस्तान क्रिकेट से जुड़ा एक निजी विवाद इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। पाकिस्तान के ऑलराउंडर इमाद वसीम की पूर्व पत्नी सानिया अशफाक ने उन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सोशल मीडिया पोस्ट और एक वीडियो संदेश के जरिए उन्होंने दावा किया कि दिसंबर 2023 में उन्हें जबरन गर्भपात के लिए मजबूर किया गया।

मौजूद जानकारी के अनुसार सानिया अशफाक ने कहा कि यह घटना लाहौर में हुई और उनके पास अपने आरोपों के समर्थन में सबूत मौजूद हैं। उन्होंने इमाद वसीम को “मर्डरर” बताते हुए लिखा कि उन्हें न्याय चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वसीम ने उनके साथ बेवफाई की और गर्भावस्था के दौरान उनका साथ देने के बजाय उन्हें चुप रहने के लिए दबाव डाला।

गौरतलब है कि हाल ही में पाकिस्तान सुपर लीग की फ्रेंचाइजी इस्लामाबाद यूनाइटेड ने इमाद वसीम को अपनी टीम में शामिल किया है। अशफाक ने अपने पोस्ट में टीम का नाम लेते हुए लोगों से अपील की कि ऐसे खिलाड़ी को मौका देने के खिलाफ आवाज उठाई जाए। उन्होंने हैशटैग के जरिए बहिष्कार की मांग भी की।

एक वीडियो संदेश में अशफाक ने कहा कि वह अपने बच्चों के लिए सच और न्याय चाहती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य बदला लेना नहीं, बल्कि सम्मान और निष्पक्ष जांच की मांग करना है। उन्होंने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी से इस मामले की जांच कराने की अपील की है।

बता दें कि अशफाक ने कुछ व्हाट्सऐप स्क्रीनशॉट भी साझा किए, जिनके बारे में उनका दावा है कि गर्भावस्था के दौरान जब उन्होंने इमाद वसीम से संपर्क किया तो उन्हें समर्थन देने के बजाय कानूनी कार्रवाई की धमकी दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से कठिन दौर से गुजरना पड़ा और उस समय उन्हें कोई सहारा नहीं मिला।

हालांकि, इन आरोपों पर इमाद वसीम या इस्लामाबाद यूनाइटेड की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़