Maharashtra Drought: नाकाफी राहत पर विरोध, धाराशिव के किसान ने सीएम को भेजा 5000 का मनीऑर्डर

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

धाराशिव जिले के सुरडी गांव के किसान चांद शेख ने महाराष्ट्र सरकार की 5,000 रुपये की अंतरिम सूखा राहत को मामूली बताते हुए विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने डाकघर के जरिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को 5,000 रुपये का मनीऑर्डर भेजा। किसान का कहना है कि डेढ़ एकड़ की सोयाबीन फसल से उन्हें केवल 3,900 रुपये मिले थे, जिसके बाद उधार लेकर यह रकम भेजी गई।

महाराष्ट्र सरकार द्वारा सूखा प्रभावित किसानों के लिए घोषित अंतरिम वित्तीय सहायता को ‘मामूली’ बताते हुए धाराशिव जिले के एक सोयाबीन किसान ने विरोध जताने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को 5,000 रुपये का ‘मनीऑर्डर’ भेजा है। फडणवीस ने बुधवार को घोषणा की थी कि दीपावली से पहले किसानों के बैंक खातों में 5,000 रुपये की शुरुआती राहत राशि सीधे जमा की जाएगी। यह घोषणा महाराष्ट्र में 85 प्रतिशत से अधिक तालुकाओं को सूखा प्रभावित घोषित किए जाने के बाद की गई।

राज्य सरकार ने सूखा प्रभावित तालुकाओं की सूची में 40 और तालुकाओं को शामिल किया है। इसके साथ ही महाराष्ट्र में प्रभावित उपखंडों की कुल संख्या 358 में से 305 हो गई है। फडणवीस ने कहा था कि किसानों को आगामी त्योहार से पहले तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए 5,000 रुपये देने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने कहा था कि प्रशासन द्वारा विस्तृत आकलन और केंद्र की आकलन प्रक्रिया में समय लगता है तथा कानूनी रूप से ये प्रक्रियाएं दीपावली से पहले पूरी नहीं हो सकतीं। धाराशिव तहसील के सुरडी गांव के किसान चांद शेख ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री को 5,000 रुपये का मनीऑर्डर भेजा है। शेख ने दावा किया कि उन्हें सोयाबीन की फसल से महज 3,900 रुपये मिले और मनीऑर्डर भेजने के लिए उन्होंने एक मित्र से 1,100 रुपये उधार लिए।

शेख ने सुरडी डाकघर के बाहर संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैंने अपने खेत में डेढ़ एकड़ में सोयाबीन की फसल उगाई थी। इस पर 25,000 रुपये खर्च किए और मुझे 60 किलोग्राम उपज मिली। इससे मुझे केवल 3,900 रुपये मिल सके।

मनीऑर्डर भेजने के लिए मैंने अपने मित्र से 1,100 रुपये उधार लिए।’’ खुद को चांद शेख का मित्र बताने वाले व्यक्ति ने कहा कि उसने शेख को 1,100 रुपये उधार दिए थे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़