Devdutt Padikkal की शानदार फिफ्टी, फिर भी India A vs Sri Lanka A Test Match ड्रॉ पर हुआ खत्म

Devdutt Padikkal
Instagram/@indiancricketteam

भारत ए और श्रीलंका ए के बीच पहला अनौपचारिक टेस्ट खराब मौसम के कारण ड्रॉ पर समाप्त हुआ, जिसमें देवदत्त पडिक्कल ने भारत के लिए दूसरी पारी में अर्धशतक जड़ा। श्रीलंका के दिलुम सुदीरा ने पांच विकेट लिए, लेकिन बारिश के कारण मैच का कोई नतीजा नहीं निकल सका।

 देवदत्त पडिक्कल ने रविवार को भारत ए की दूसरी पारी में संयमित अर्धशतक जड़ा जिसके बाद श्रीलंका ए के खिलाफ पहला टेस्ट मैच खराब मौसम की वजह से चौथे और अंतिम दिन ड्रॉ पर छूटा। भारत ए ने दूसरी पारी में बिना विकेट गंवाए 48 रन से खेलना शुरू किया और पडिक्कल ने 101 गेंद में पांच चौकों की मदद से 67 रन बनाए। आयुष पांडे (38) और हर्ष दुबे (29) ने भी योगदान दिया जिससे भारत ए ने 57 ओवर में आठ विकेट पर 189 रन बनाकर अपनी दूसरी पारी घोषित की और श्रीलंका ए के सामने जीत के लिए 312 रन का लक्ष्य रखा।

श्रीलंका ए के लिए बाएं हाथ के स्पिनर दिलुम सुदीरा ने भारत ए की दूसरी पारी में 49 रन देकर पांच विकेट लिए। इस लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका ए ने 15 ओवर में दो विकेट गंवाकर 70 रन बनाए। वहीं बारिश के कारण खेल काफी देर तक रुका रहा।

श्रीलंका ए की दूसरी पारी में सलामी बल्लेबाज पवनथा वीरासिंघे ने 10 रन, नुवानिदु फर्नांडो ने नाबाद 16 रन और एशेन बंडारा ने नाबाद 18 रन बनाए। भारत ए के लिए पहली पारी में 58 रन देकर चार विकेट झटकने वाले जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी ने 18 रन देकर और हर्ष दुबे ने 25 रन देकर एक एक विकेट झटका। दोनों टीमों के बीच सीरीज का दूसरा अनौपचारिक टेस्ट मैच दो से पांच जुलाई तक यहीं खेला जाएगा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़