नशे के चलते विश्व कप में बैन किए गए थे शेन वॉर्न, विवादों से भी रहा है गहरा नाता

Shane Warne
प्रतिरूप फोटो

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वकालिक महान खिलाड़ियों में शुमार शेन वॉर्न ने 1992 में ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए डेब्यू किया और फिर 145 टेस्ट मुकाबले खेले। जिसमें उन्होंने 708 विकेट हासिल किए। वहीं 194 एकदिवसीय मुकाबलो में 293 विकेट चटकाए। इनको अगर मिला दिया जाए तो उन्होंने अपने कॅरियर में 1001 विकेट हासिल किए हैं।

फिरकी किंग शेन वॉर्न अब हमारे बीच नहीं हैं। थाईलैंड में दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। जिसके बाद क्रिकेट जगत में दुख पसरा हुआ है। शेन वॉर्न 52 साल के थे। उनके परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है। शेन वॉर्न के प्रबंधन ने आस्ट्रेलियाई मीडिया को बताया कि फिरकी किंग का थाईलैंड के कोह समुई में निधन हो गया है और संभवत: उन्हें दिल का दौरा पड़ा है। कोह समुइ थाईलैंड का लोकप्रिय पर्यटन स्थल है। शेन वॉर्न अपनी विला में अचेत पाए गए। मेडिकल स्टाफ की तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। उनके परिवार ने इस मौके पर निजता बनाए रखने की अपील की है। 

इसे भी पढ़ें: फिरकी के जादूगर और खिलाड़ियों के प्रणेता थे शेन वॉर्न, अच्छे-अच्छे बल्लेबाज हो जाते थे चकित 

ऑस्ट्रेलिया टीम को सबसे खतरनाक टीम बनाने का योगदान अगर किसी खिलाड़ी को जाता है तो वो हैं शेन वॉर्न। शेन वॉर्न की लेग स्पिन, गुगली और फिलिपर का सामना अच्छे से अच्छा बल्लेबाज नहीं कर पाता था। उनका कॅरियर 15 साल का रहा, जिसमें उन्होंने बुंलदी भी देखी और विवाद भी।

शेन वॉर्न ने पार किया था हजार का आंकड़ा

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वकालिक महान खिलाड़ियों में शुमार शेन वॉर्न ने 1992 में ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए डेब्यू किया और फिर 145 टेस्ट मुकाबले खेले। जिसमें उन्होंने 708 विकेट हासिल किए। वहीं 194 एकदिवसीय मुकाबलो में 293 विकेट चटकाए। इनको अगर मिला दिया जाए तो उन्होंने अपने कॅरियर में 1001 विकेट हासिल किए हैं। टेस्ट क्रिकेट में शेन वॉर्न ने श्रीलंका के मुथैया मुरलीधरन के बाद सर्वाधिक विकेट हासिल किए थे। आपको बता दें कि मुथैया मुरलीधरन के नाम 800 विकेट हैं। इतना ही नहीं क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका क्रिकेट ने दोनों खिलाड़ियों के सम्मान में साल 2007 में ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के बीच एक टेस्ट सीरीज का आयोजन किया था। जिसे वॉर्न मुरलीधरन ट्रॉफी का नाम दिया गया था।

भारत के खिलाफ सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर पहला टेस्ट खेलने वाले शेन वॉर्न को 1992 से 2007 के बीच उनकी अतुल्य उपलब्धियों के लिए विजडन ने शताब्दी के पांच क्रिकेटरों में शामिल किया। उन्हें 2013 में आईसीसी हाल ऑफ फेम में शामिल किया गया। शेन वॉर्न 1999 विश्व कप जीतने वाली आस्ट्रेलियाई टीम के सदस्य थे। उन्होंने एशेज क्रिकेट में सर्वाधिक 195 विकेट चटकाए हैं।

बॉल ऑफ द सेंचुरी

साल 1993 में ओल्ड ट्रैफर्ड में शेन वॉर्न ने एक ऐसी गेंद डाली जिसने इंग्लैंड के माइक गैटिंग को चकित करते हुए बोल्ड कर दिया था। उस वक्त शेन वॉर्न 24 साल के थे और लेग ब्रेक डाली थी। उनकी इस गेंद को 'बॉल ऑफ द सेंचुरी' कहा गया। इसके अलावा भारत में भी उन्होंने अपना खूब जलबा बिखेरा। साल 2008 में पहली बार इंडियन प्रीमियर लीग यानि की आईपीएल की शुरुआत हुई और पहला खिताब राजस्थान रॉयल्स ने शेन वॉर्न की कप्तानी में जीता था।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद उन्होंने कमेंट्री की और उसमें भी बहुत नाम कमाया। लेकिन अपने मिजाज के चलते विवादों में भी बने रहे। साल 2003 के विश्व कप में ऑस्ट्रेलियाई टीम को मैदान में उतरना था। इससे ठीक पहले ऑस्ट्रेलिया की ड्रग एजेंसी ने कुछ खिलाड़ियों की जांच की। जिसमें टीम प्रबंधन को कुछ खिलाड़ियों पर शक हुआ और यह अंदेशा सही साबित हुआ था। हालांकि शेन वॉर्न ने कहा था कि उनकी मां ने वजन कम करने के लिए उन्हें वह दवा दी थी। उस वक्त शेन वॉर्न पर एक साल का प्रतिबंध लगा था। 

इसे भी पढ़ें: शेन वॉर्न के असामयिक निधन से शोक में डूबा खेल जगत, दिग्गजों ने जताया दुख 

भविष्यवाणी पर खूब हुई थी चर्चा

भारत में खेले गए साल 2011 के विश्व कप के दौरान शेन वॉर्न की एक भविष्यवाणी की खूब चर्चा हुई थी। दरअसल, भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जाने वाले मुकाबले से एक दिन पहले शेन वॉर्न ने भविष्यवाणी की थी कि मुकाबला ड्रा हो जाएगा और हुआ भी ठीक वैसा ही। इसके बाद मुकाबले से ज्यादा शेन वॉर्न की भविष्यवाणी की चर्चा ज्यादा होने लगी थी और कहा तो यहां तक जा रहा था कि शेन वॉर्न ने मैक्स फिक्स कराया था।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने खो दिए दो दिग्गज खिलाड़ी

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने एक ही दिन में अपने दो दिग्गज खिलाड़ियों को खो दिया। सुबह महान विकेटकीपर रॉड मार्श का निधन हो गया और शाम को शेन वॉर्न ने दुनिया को अलविदा कहा। शेन वॉर्न ने रॉड मार्श के निधन पर दुख जताते हुए कहा था कि वह हमारे शानदार खेल के लीजैंड और कई युवा खिलाड़ियों के प्रेरणास्रोत थे। उन्होंने क्रिकेट को खासकर ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड क्रिकेट को बहुत कुछ दिया। उनके परिवार को प्यार। रेस्ट इन पीस दोस्त। लेकिन किसे पता था अपने दोस्त को रेस्ट इन पीस कहने वाले शेन वॉर्न को दुनियाभर के लोग रेस्ट इन पीस कहेंगे।

All the updates here:

अन्य न्यूज़